सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज में मेडिकल ऑन्कोलॉजी में नए कोर्स के तौर पर डीएम शुरू करने की तैयारी की जा रही है। नेशनल मेडिकल काउंसिल से डीएम की दो सीटों का आवंटन जल्दी ही होगा। इससे कैंसर के इलाज के लिए हर साल सुपर स्पेशलिस्ट मिलेंगे। मेडिकल कॉलेज को विभिन्न विषयों में पीजी की आठ सीटों का आवंटन नेशनल मेडिकल काउंसिल ने किया है। मेडिकल ऑन्कोलॉजी में डीएम की दो सीटों के आवंटन का इंतजार किया जा रहा है। आचार्य तुलसी रीजनल कैंसर रिसर्च सेंटर में वर्तमान में मेडिकल ऑन्कोलॉजी के एक प्रोफेसर और एक ही असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। एसोसिएट प्रोफेसर का पद खाली है, लेकिन नियमानुसार दो पद भरे होने के कारण यहां डीएम शुरू हो जाएगी। उसके बाद हर साल कैंसर के दो सुपर स्पेशलिस्ट तैयार होंगे। इससे डॉक्टरों की कमी नहीं रहेगी। अन्य सरकारी अस्पतालों में भी कैंसर के विशेषज्ञ मिलेंगे। कॉलेज ने पिछले साल इसके लिए एनएमसी को अभिशंसा भेजी थी। इसके साथ ही विभिन्न विभागों में पीजी की आठ सीटों का आवंटन हो गया है। इनमें प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पैथोलॉजी में चार सीट मिली हैं। इसे मिलाकर अब 14 सीट हो गई हैं। ऑप्थमोलॉजी में तीन नई सीट मिलने से अब कुल 12 सीट हो गई हैं। इसी प्रकार इम्यूनोहेमेटोलॉजी और ब्लड ट्रांसफ्यूजन में एक सीट और मिली है। इस विषय की अब पांच सीट हो गई हैं। इसलिए बढ़ी पीजी सीट देश में पीजी मेडिकल की तैयारी कर रहे स्टूडेंट्स के लिए नए साल में एक अच्छी खबर आई है। नेशनल मेडिकल काउंसिल (एनएमसी) ने एकेडमिक सेशन 2025-26 के लिए अतिरिक्त पीजी मेडिकल सीटों को मंजूरी दे दी है। यह फैसला 31 दिसंबर 2025 को जारी एक पब्लिक नोटिस के जरिए साझा किया गया है। दरअसल, कई मेडिकल कॉलेजों ने मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड के पुराने फैसलों को चुनौती दी थी। इस पर एनएमसी की फर्स्ट अपील कमेटी ने 22 और 23 दिसंबर को बैठक की। समीक्षा के बाद कमेटी ने अलग-अलग मेडिकल संस्थानों और विशिष्ट विषयों में अतिरिक्त सीटें बढ़ाने का फैसला लिया है। इसका फायदा बीकानेर के एसपी मेडिकल कॉलेज को भी मिला है। यह है प्रक्रिया किसी कोर्स में पीजी शुरू करने के लिए फैकल्टी पूरी होने पर मेडिकल यूनिवर्सिटी से संबद्धता का प्रमाण पत्र लिया जाता है। उसके आधार पर नेशनल मेडिकल काउंसिल को ऑनलाइन आवेदन किया जाता है। पीजी सीट बढ़ने से मिलेंगे 9.60 करोड़ रुपए एसपी मेडिकल कॉलेज में इस साल आठ पीजी सीटें बढ़ने से कॉलेज को विकास कार्यों के लिए 9 करोड़ 60 लाख रुपए का बजट मिलेगा। इसमें 60 प्रतिशत राशि केंद्र सरकार और 40 प्रतिशत हिस्सा राज्य सरकार का होता है। अगले साल के लिए 18 सीटों के लिए किया आवेदन एसपी मेडिकल कॉलेज ने अगले साल के लिए 18 पीजी सीटों के लिए एनएमसी को आवेदन किया है। पैथोलॉजी और बायोकेमिस्ट्री में 4-4, माइक्रोबायोलॉजी में तीन, मेडिसिन में चार और जिरिएट्रिक में दो सीट बढ़ सकती हैं। इसके साथ ही कार्डियोलॉजी में डीएम के लिए एक सीट बढ़ाई जा सकती है। पीजी सीट बढ़ाने से सरकारी अस्पतालों को नए विशेषज्ञ मिलेंगे। “अलग-अलग कोर्सेज के लिए पीजी की आठ सीटें मिल गई हैं। विकास के लिए बजट भी मिलेगा। अगले साल के लिए आवेदन कर दिए गए हैं। सीटें बढ़ने से ज्यादा विशेषज्ञ तैयार हो सकेंगे।” — डॉ. सुरेंद्र कुमार वर्मा, प्रिंसिपल, एसपी मेडिकल कॉलेज


