Sara vs Arjun Tendulkar Education: भारतीय क्रिकेट के महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर के बच्चे सारा और अर्जुन तेंदुलकर हमेशा चर्चा में रहते हैं। फैंस अक्सर यह जानना चाहते हैं कि, मास्टर ब्लास्टर के बच्चे पढ़ाई-लिखाई में कैसे हैं। जहां अर्जुन अपने पिता की राह पर चलते हुए क्रिकेट के मैदान में दमखम दिखा रहे हैं, वहीं सारा तेंदुलकर ने चिकित्सा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। आइए जानते हैं उनकी शिक्षा और करियर से जुड़ी खास बातें।
Sara Tendulkar: लंदन से की है मास्टर डिग्री
सचिन और डॉ. अंजलि तेंदुलकर की बड़ी बेटी सारा तेंदुलकर का जन्म 12 अक्टूबर,1997 को मुंबई में हुआ था। वह पढ़ाई के मामले में काफी आगे हैं। सारा ने अपनी शुरुआती पढ़ाई मुंबई के मशहूर धीरूभाई अंबानी इंटरनेशनल स्कूल से पूरी की है। स्कूल के बाद सारा लंदन चली गईं। उन्होंने दुनिया के मशहूर कॉलेजों में शुमार यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन (UCL) से बायोमेडिकल साइंसेज में ग्रेजुएशन किया। ग्रेजुएशन के बाद उन्होंने इसी यूनिवर्सिटी से क्लिनिकल और पब्लिक हेल्थ न्यूट्रिशन में मास्टर डिग्री भी हासिल की है। सारा एक रजिस्टर्ड न्यूट्रिशनिस्ट हैं और फिलहाल फंक्शनल न्यूट्रिशन कोच बनने की तैयारी कर रही हैं। इसके साथ ही वह ‘सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन’ में डायरेक्टर के तौर पर समाज सेवा के कार्यों से जुड़ी हैं।
Arjun Tendulkar: क्रिकेट के साथ पूरी की ग्रेजुएशन
सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर का जन्म 24 सितम्बर,1999 को मुंबई में हुआ था। अर्जुन ने अपने पिता की विरासत को आगे बढ़ाते हुए क्रिकेट को अपना करियर बनाया। खेल के साथ-साथ उन्होंने अपनी पढ़ाई पर भी ध्यान दिया है। अर्जुन ने भी अपनी बहन सारा की तरह मुंबई के धीरूभाई अंबानी इंटरनेशनल स्कूल से ही स्कूली शिक्षा हासिल की है। 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद अर्जुन तेंदुलकर ने मुंबई यूनिवर्सिटी से अपना ग्रेजुएशन पूरा किया है। अर्जुन ने साल 2010 में पुणे में अंडर-13 टूर्नामेंट के जरिए अपने सफर की शुरुआत की थी। उन्होंने गोवा की ओर से रणजी ट्रॉफी के डेब्यू मैच में शतक जड़कर सुर्खियां बटोरी थीं। अर्जुन फिलहाल आईपीएल और घरेलू क्रिकेट में एक ऑलराउंडर के रूप में सक्रिय हैं।
कौन है ज्यादा पढ़ा-लिखा?
डिग्री के लिहाज से देखा जाए तो सारा तेंदुलकर अपने भाई अर्जुन से आगे हैं। सारा ने जहां विदेश से मास्टर डिग्री हासिल की है, वहीं अर्जुन ने ग्रेजुएशन तक की पढ़ाई पूरी की है। हालांकि, दोनों ही भाई-बहन अपने-अपने क्षेत्रों (न्यूट्रिशन और क्रिकेट) में शानदार काम कर रहे हैं।


