मैनपुरी। श्री गंगा सहाय कन्या इंटर कॉलेज मैनपुरी की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा कंपोजिट प्राथमिक विद्यालय अवधनगर में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का छठा दिन 10 जनवरी 2026 को ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ अभियान थीम के साथ मनाया गया। राजकीय हाई स्कूल रोशिगपुर मैनपुरी के श्री संतोष शाक्य ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने मां सरस्वती और स्वामी विवेकानंद के चित्रों के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर माल्यार्पण किया। रेखा दीक्षित और ललिता शाक्य ने मुख्य अतिथि का पुष्प और बैज लगाकर स्वागत किया। इस अवसर पर श्री शाक्य ने अपने संबोधन में कहा कि बेटियां बेटों से किसी भी मायने में कम नहीं हैं। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि आज भी बेटियों को जन्म से पहले ही मार दिया जाता है और उन्हें बेटों की तुलना में कम शिक्षित रखा जाता है। उन्होंने कहा कि बेटा भाग्य से मिलता है, तो बेटी सौभाग्य से मिलती है। शिविर में स्वयंसेविकाओं ने ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ अभियान पर आधारित नाटक, भाषण, कविता और गीत जैसे विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस दौरान एक रैली का भी आयोजन किया गया, जिसमें स्वयंसेविकाओं ने जागरूकता संदेश दिए। कार्यक्रम अधिकारी निशा सक्सेना ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट किया। कार्यक्रम का संचालन नारायण गुप्ता और स्वयंसेविका गोशिया ने संयुक्त रूप से किया। शिविर के छठे दिन 50 स्वयंसेविकाओं की उपस्थिति दर्ज की गई। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों को भोजन कराया गया। इस अवसर पर अंशुल भदौरिया और हरिशंकर भी उपस्थित रहे।


