संभल की कल्कि नगरी में श्याम बाबा खाटू नरेश का संकीर्तन आयोजित किया गया। प्राचीन सूर्यकुंड परिसर में हुए इस कार्यक्रम में 2500 से अधिक श्रद्धालुओं ने भाग लिया। बाबा का दरबार दिल्ली, कोलकाता और बेंगलुरु से लाए गए फूलों से सजाया गया था। कार्यक्रम का आयोजन श्री श्याम परिवार एवं श्री श्याम परिवार पिंक द्वारा किया गया। संकीर्तन का आरंभ बाबा श्याम के महामंत्र ‘ॐ श्री श्याम देवाय नमः’ के साथ हुआ, जिसके बाद भगवान श्री गणेश और मां सरस्वती की वंदना की गई। संभल के हयातनगर के भजन गायक नमन सक्सेना ने अपनी प्रस्तुति दी। पहले 3 तस्वीरें देखिए… इसके उपरांत, उत्तराखंड के रुद्रपुर से आए भजन गायक हिमांशु राणा ने “हारे का सहारा है मेरा श्याम धणी” और “नीले घोड़े चलकर सांवरा आएगा” जैसे भजनों से समां बांधा। बुलंदशहर से पहुंचीं भजन गायिका कुमकुम सूर्यवंशी ने भी अपनी प्रस्तुति दी। उन्होंने “अगर मेरे रोने पर तुझको आए हंसी तो मैं तुझको रो-रो कर हंसाया करूं सांवरे” और “सजता रहे दरबार हर बार सांवरे” जैसे कई लोकप्रिय भजन गाए। कुमकुम सूर्यवंशी ने लगभग डेढ़ घंटे तक श्रद्धालुओं को अपने भजनों पर झूमने पर मजबूर किया। कार्यक्रम का समापन पुष्पवर्षा और धमाल के साथ रात्रि 01 बजे आरती के बाद हुआ। इस अवसर पर विपुल अग्रवाल, नितिन शर्मा, विशेष शर्मा, राजुल, हर्ष गुप्ता, पारस, विशाल, ऋतिक शुक्ला, शैलेंद्र अग्रवाल, राहुल शर्मा, विवेक कुमार सहित कई गणमान्य व्यक्ति और आयोजक मौजूद रहे।


