खुद पर शक करते थे संजू सैमसन, जीत के बाद हुए इमोशनल, बोले- मैंने इतने मुकाबले बाहर बैठकर देखे और…

खुद पर शक करते थे संजू सैमसन, जीत के बाद हुए इमोशनल, बोले- मैंने इतने मुकाबले बाहर बैठकर देखे और…

Sanju Samson, India vs West Indies, T20 World Cup 2026: संजू सैमसन ने रविवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ 50 गेंदों में 4 छक्कों और 12 चौकों की मदद से 97 रन की नाबाद पारी खेली। इस शानदार पारी की मदद से संजू ने भारत को सेमीफाइनल में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। इस जोरदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। मैच के बाद संजू इमोशनल हो गए और बताया कि वे मुश्किल दौर में खेद पर शक करते थे, कि क्या वे कभी ऐसी पारी खेल पाएंगे।

संजू सैमसन ने ऐसे दिलाई भारत को जीत

संजू ने बताया है कि उन्होंने जब से क्रिकेट खेलना शुरू किया, तभी से इस तरह की पारी का इंतजार कर रहे थे। ईडन गार्डन्स में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 मुकाबले में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट खोकर 195 रन बनाए। इसके जवाब में भारतीय टीम ने 19.2 ओवरों में 5 विकेट शेष रहते जीत दर्ज कर ली।

दोनों मुकाबलों में तेज शुरुआत की लेकिन लंबी पारी नहीं खेली

संजू सैमसन को इससे पहले दो अन्य मुकाबलों में मौका दिया गया था, उन दोनों मुकाबलों में उन्होंने टीम को तेज शुरुआत दी थी। लेकिन वे उस शुरुआत को बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर पाये थे। उन्होंने नामीबिया के खिलाफ 22 रन, जबकि जिम्बाब्वे के विरुद्ध 24 रन की पारी खेली थी, लेकिन आखिरकार निर्णायक मैच में आखिरकार संजू का बल्ला चल पड़ा।

इस तरह की पारी का इंतजार कर रहा था

भारत की जीत के बाद संजू सैमसन ने कहा, “यह मेरे लिए पूरी दुनिया के समान है। जिस दिन से मैंने क्रिकेट खेलना शुरू किया, देश के लिए खेलने का सपना देखा, उसी दिन से मैं इस तरह की पारी का इंतजार कर रहा था। मेरा सफर बहुत खास रहा है। इस दौरान कई उतार-चढ़ाव आए। कई बार खुद पर शक हुआ कि क्या मैं कर पाऊंगा? लेकिन आज मुझे आशीर्वाद देने के लिए मैं ऊपरवाले का शुक्रगुजार हूं।”

कोहली, रोहित जैसे दिग्गजों से सीखा

संजू ने आगे कहा, “मैं बहुत खुश हूं। मैं बहुत लंबे समय से यह फॉर्मेट खेल रहा हूं। लगभग 12 साल से आईपीएल और 10 सालों से देश के लिए खेल रहा हूं लेकिन मैंने डगआउट में ज्यादा समय बिताया है। मैंने विराट कोहली, रोहित शर्मा जैसे महान खिलाड़ियों से काफी कुछ सीखा है। मैंने देखा है कि महान खिलाड़ी परिस्थितियों के हिसाब से अपना खेल कैसे बदलते हैं।”

50-60 मैच खेले हैं लेकिन लगभग 100 मैच बाहर बैठकर देखे

उन्होंने आगे कहा, ”मैंने शायद 50-60 मैच खेले हैं लेकिन लगभग 100 मैच बाहर बैठकर देखे हैं। मैंने उस दौरान देखा कि दिग्गज कैसे मैच फिनिश करते हैं और सिचुएशन के हिसाब से कैसे अपना गेम बदलते हैं। मैं पार्टनरशिप बनाने पर फोकस कर रहा था। मैं अपने प्रोसेस पर ध्यान दे रहा था। मुझे नहीं लगा कि मैं ऐसी पारी खेलूंगा। यह मेरी जिंदगी के सबसे अच्छे दिनों में से एक है।”

उन्होंने आगे कहा, “दूसरी तरफ, हमेशा एक सवाल होता है कि अगर नहीं हुआ तो क्या होगा? यह दिमाग में चलता रहता है। जब यह ख्याल आया तो मैं वर्तमान में रहने की कोशिश कर रहा था बस गेंद को देखा और खुद पर भरोसा किया। गेंद को उसकी मेरिट पर खेलने की कोशिश कर रहा था। आज का दिन काफी अच्छा रहा।” भारत की 5 मार्च को सेमीफाइनल में इंग्लैंड से भिड़ंत होगी। यह मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *