रीवा शहर के संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। अस्पताल का एक वीडियो शुक्रवार को सामने आया, जिसमें एक गंभीर मरीज को टूटे हुए बेड पर भर्ती दिखाया गया है। वीडियो में परिजन अस्पताल की बदहाल व्यवस्था पर नाराजगी जताते नजर आ रहे हैं। महिला परिजन बता रही है कि वार्ड में पंखे की व्यवस्था नहीं है, जिससे मरीज को काफी परेशानी हो रही है। गर्मी से राहत दिलाने के लिए परिजन घर से टेबल फैन लाकर चला रहे हैं। वहीं मरीज जिस बेड पर भर्ती है, वह भी टूटा हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद प्रबंधन हरकत में आया
वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि वीडियो में दिख रहे मरीज की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। अस्पताल प्रबंधन मरीज और उसके वार्ड की पहचान करने में जुटा हुआ है, ताकि पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके। मामले को लेकर अस्पताल प्रबंधन ने जांच की बात कही है। अस्पताल के सीएमओ डॉ. संतोष सिंह ने कहा कि मरीजों को बेहतर सुविधा देना हमारी प्राथमिकता है। यदि कहीं लापरवाही सामने आती है तो जांच कराकर संबंधित जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल वायरल वीडियो के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा तेज हो गई है।


