Rajasthan IAS Transfer list: राजस्थान की भजनलाल सरकार ने प्रशासनिक बेड़े में बड़ा फेरबदल करते हुए देर रात 65 IAS अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस फेरबदल में सबसे चर्चा का विषय राजधानी जयपुर का कलक्टर बदलना रहा। अब संदेश नायक (IAS Sandesh Nayak) जयपुर के नए जिला कलक्टर होंगे। 2011 बैच के तेज-तर्रार आईएएस संदेश नायक वर्तमान में मुख्यमंत्री के विशेष सचिव के रूप में काम कर रहे थे।
नए कलक्टर के सामने ये ‘5 बड़ी चुनौतियां’
राजधानी का जिम्मा संभालते ही संदेश नायक के सामने कई पेचीदा मसले होंगे:
- ट्रैफिक जाम से निजात: जयपुर की जनता इस समय ट्रैफिक और जाम से सबसे ज्यादा त्रस्त है। शहर के मुख्य चौराहों और एंट्री पॉइंट्स पर सुगम यातायात सुनिश्चित करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
- बंद रास्तों का विवाद सुलझाना: निवर्तमान कलक्टर डॉ. जितेन्द्र सोनी ने अपने कार्यकाल में करीब 2000 बंद रास्तों को खुलवाया था। इस सिलसिले को बरकरार रखते हुए विवादित रास्तों को आमजन के लिए खुलवाना एक बड़ी चुनौती है।
- सरकारी निर्माण कार्यों की मॉनिटरिंग: जयपुर में इस समय एक दर्जन से ज्यादा बड़े प्रोजेक्ट्स, ओवरब्रिज और पुलियाओं का काम चल रहा है। समय सीमा में काम पूरा कराना और गुणवत्ता बनाए रखना नायक के कंधों पर होगा।
- फ्लैगशिप योजनाओं का लाभ: राजधानी में सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ पात्र लोगों तक बिना किसी देरी के पहुंचाना और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाना महत्वपूर्ण होगा।
- प्रशासनिक तालमेल: जयपुर राजधानी है, जहाँ सरकार के तमाम मंत्री और सीनियर अफसर मौजूद रहते हैं। ऐसे में सरकार की मंशा और प्रशासनिक कामकाज के बीच बेहतर समन्वय बिठाना चुनौतीपूर्ण रहता है।
- कितनी है एजुकेशन? (Sandesh Nayak Profile)
आईएएस संदेश नायक न केवल प्रशासनिक रूप से कुशल हैं, बल्कि उनकी शैक्षणिक योग्यता भी प्रभावशाली है। मूलतः कर्नाटक के रहने वाले नायक ने B.E. (Electronics) की डिग्री हासिल की है। इसके साथ ही उन्होंने ‘कॉन्ट्रैक्टुअल डिस्प्यूट रेजोल्यूशन’ (अनुबंध विवाद समाधान) में सर्टिफिकेट प्रोग्राम भी किया है। उनकी यह तकनीकी और कानूनी समझ जयपुर के इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में आने वाले विवादों को सुलझाने में बेहद मददगार साबित हो सकती है। - अनुभव का बड़ा पोर्टफोलियो
12 मई 1986 को जन्मे संदेश नायक इससे पहले चुरू, भरतपुर और सिरोही के जिला कलक्टर रह चुके हैं। वे खान एवं भूविज्ञान विभाग के निदेशक, स्वच्छ भारत मिशन के निदेशक और जयपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के CEO जैसे अहम पदों पर भी रह चुके हैं। तमाम जानकारी डीओपी के अनुसार है।


