बलरामपुर में आकांक्षी जिला और आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के तहत ‘संपूर्णता अभियान’ का शुभारंभ किया गया है। इस अभियान का उद्देश्य विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना है और यह 14 अप्रैल तक चलेगा। यह जनभागीदारी, नवाचार और विभिन्न विभागों के समन्वय से जिले को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने का मार्ग प्रशस्त करेगा। अभियान का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी और मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता ने एम.एल.के. पी.जी. कॉलेज परिसर से किया। इस अवसर पर शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, जल संसाधन और वित्तीय समावेशन जैसे प्रमुख क्षेत्रों में निर्धारित संकेतकों की शत-प्रतिशत संतृप्ति के लिए विभागवार कार्ययोजनाएँ प्रस्तुत की गईं। इनके प्रभावी क्रियान्वयन पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य प्रतिभागियों को जिले व ब्लॉक को स्वस्थ, समर्थ और समृद्ध बनाने की शपथ दिलाई गई। वक्ताओं ने जोर दिया कि ‘संपूर्णता अभियान’ को केवल एक सरकारी कार्यक्रम के बजाय जनआंदोलन के रूप में चलाया जाएगा, ताकि सभी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित हो सके।
इस कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्याम मनोहर तिवारी, उपनिदेशक कृषि, जिला कार्यक्रम अधिकारी, सभी सीडीपीओ और खंड विकास अधिकारी सहित कई विभागीय अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे। सभी ने अभियान को सफल बनाने और बलरामपुर को विकास के क्षेत्र में अग्रणी बनाने का संकल्प लिया।


