संभल दोहरा हत्याकांड, आरोपी के मकान की कुर्की:दो भाइयों की हत्या की थी, बहन से शादी की जिद पर अड़ा था

संभल दोहरा हत्याकांड, आरोपी के मकान की कुर्की:दो भाइयों की हत्या की थी, बहन से शादी की जिद पर अड़ा था

संभल पुलिस ने दो नाबालिग भाइयों की हत्या के आरोपी धर्मवीर के मकान की कुर्की की है। आरोपी को भगोड़ा घोषित किया गया है और उसकी गिरफ्तारी पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित है। पुलिस की पांच टीमें और एसओजी उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं, लेकिन वह अभी तक फरार है। यह घटना संभल जनपद की गुन्नौर तहसील के थाना धनारी क्षेत्र के गांव मझोला और थाना बहजोई क्षेत्र के गांव मैथरा धर्मपुर से संबंधित है। थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि हत्यारोपी धर्मवीर को भगोड़ा घोषित किया गया है और उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 209 के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी के मकान की कुर्की कर दी है। मकान से मिले सामान को मालखाने में जमा कराया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। आरोपी पर पहले 25,000 रुपये का इनाम घोषित था, जिसे 17 दिसंबर 2025 को बढ़ाकर 50,000 रुपये कर दिया गया था। दोनों भाइयों अमरपाल (14) और कमल सिंह (10) का अपहरण 26 नवंबर 2025 को उनके ननिहाल से शादी में जाते समय हुआ था। अमरपाल का शव 29 नवंबर को थाना रजपुरा क्षेत्र के गांव सिंघौली कल्लू के जंगल में मिला था, जबकि छोटे भाई कमल सिंह का शव 12 दिसंबर को थाना धनारी क्षेत्र के गांव भकरौली के तालाब से बरामद हुआ। अमरपाल की गला दबाकर और कमल सिंह की सिर में गहरी चोट मारकर हत्या की गई थी। मृतक अमरपाल और कमल सिंह, रामौतार के पुत्र थे। आरोपी धर्मवीर (24), नेत्रपाल का पुत्र और बदायूं जनपद के थाना उघैती के गांव सरैरा का निवासी है। बताया गया है कि आरोपी मृतक भाइयों की बहन से शादी करने की जिद पर अड़ा था, जिसके चलते युवती ने उसकी चिमटे से पिटाई कर दी थी। पुलिस ने 27 दिसंबर 2025 को आरोपी के गांव जाकर उसके घर पर बीएनएस की धारा 84 के तहत डुगडुगी बजाकर न्यायालय से जारी उद्घोषणा नोटिस चस्पा किया था।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *