अलीगढ़ नगर निगम प्रवर्तन दल की टीम और फल विक्रेताओं में अतिक्रमण हटाने पर हुई मारपीट के मामले ने सियासी तूल पकड़ लिया है। नगर आयुक्त कार्यालय में मंगलवार को सपा नेता अज्जू इशहाक के नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा को धमकाने के मामले में बुधवार को भाजपा ने मोर्चा खोल दिया। दर्जनों समर्थकों के साथ नगर निगम कार्यालय पहुंचे भाजपा महानगर अध्यक्ष इंजीनियर राजीव शर्मा ने नगर आयुक्त की अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई का समर्थन किया। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों पर हुए हमले की निंदा करते हुए इसे समाजवादी पार्टी के गुंडों और माफियाओं की करतूत करार दिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यह मोदी-योगी की सरकार है, जहां विकास के कार्यों में बाधा डालने वाले अपराधियों के खिलाफ न केवल कठोर कानूनी कार्रवाई होती है, बल्कि उनके अवैध ठिकानों पर बुलडोजर भी चलता है। ‘कुछ सपा के गुंडे विकास कार्य में बन रहे रोड़ा’ भाजपा महानगर अध्यक्ष ने कहा कि नगर निगम अलीगढ़ को स्वच्छ और जाम-मुक्त बनाने के लिए निरंतर काम कर रहा है। बावजूद इसके कुछ ‘समाजवादी गुंडे’ और माफिया इस कार्य में रोड़ा अटका रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन लोगों ने पहले अतिक्रमण हटाने गई टीम के साथ मारपीट की। सपा नेता पर कार्रवाई की मांग इसके बाद नगर आयुक्त कार्यालय में घुसकर अधिकारियों को धमकाने और अभद्रता करने का दुस्साहस भी किया। राजीव शर्मा ने कहा कि भाजपा ईमानदार अधिकारियों के साथ मजबूती खड़ी है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि नगर आयुक्त को कार्यालय में घुसकर धमकाने वाले सपा नेता पर कार्रवाई की जाए। कुछ लोग कर रहे विकास कार्यों का विरोध नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने भी विरोध और हंगामे के बीच अपना रुख साफ कर दिया है। उन्होंने कहा कि अलीगढ़ की 95 प्रतिशत जनता विकास और चौड़ी सड़कों के पक्ष में है, कुछ गिने–चुने लोग ही विकास कार्यों का विरोध कर रहे हैं। जारी रहेगा अभियान नगर आयुक्त ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप अवैध अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि विधिक प्रक्रिया और नोटिस देने के बाद भी अगर कोई सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बरची बहादुर दरगाह से अतिक्रमण हटाने की मांग वार्ड संख्या 63 की पार्षद आराधना मित्तल ने भी मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने नगर आयुक्त को पत्र लिखकर कठपुला स्थित बरची बहादुर दरगाह के पास अवैध अतिक्रमण हटाने की मांग की है। इसके अलावा दीवानी कचहरी जैसे मुख्य मार्ग पर सरकारी जमीन पर मजार के नाम पर बनी अवैध दुकान हटाने की भी मांग रखी है। पार्षद ने आरोप लगाया कि इन अवैध कब्जों के कारण मेडिकल कॉलेज जाने वाली एंबुलेंस अक्सर जाम में फंस जाती हैं, जिससे मरीजों की जान पर बन आती है।


