गलगोटिया यूनिवर्सिटी का ‘रोबोट डॉग’ विवाद मामले में समाजवादी छात्र सभा (ग्रेटर नोएडा) ने मंगलवार को यूनिवर्सिटी प्रशासन और स्थानीय शासन को खुली चेतावनी दी है। यह विवाद दिल्ली में आयोजित एआई समिट से जुड़ा है। यूनिवर्सिटी ने वहां एक ‘रोबोटिक डॉग’ प्रदर्शित किया था, जिसे अपने शोध और स्वदेशी तकनीक का परिणाम बताया गया था। हालांकि, बाद में खुलासा हुआ कि यह रोबोट चीन निर्मित था, जिसे यूनिवर्सिटी ने अपना बताकर पेश किया था। समाजवादी छात्र सभा के जिलाध्यक्ष मोहित नागर ने यूनिवर्सिटी प्रबंधन पर देश का मान गिराने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गलगोटिया यूनिवर्सिटी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर फर्जीवाड़ा कर भारत की छवि धूमिल की है। नागर ने एक अध्यापक के निष्कासन को केवल खानापूर्ति बताते हुए असली दोषियों और प्रबंधन पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। छात्र सभा ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि इस मामले में पहले भी धरना-प्रदर्शन हुए हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कानूनी कार्रवाई नहीं हुई है। छात्र सभा के अध्यक्ष ने घोषणा की कि यदि 28 फरवरी तक यूनिवर्सिटी पर सख्त कार्रवाई नहीं होती है, तो कार्यकर्ता यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट पर ताला जड़ देंगे। उन्होंने यूनिवर्सिटी के खिलाफ एक बड़ा जन-आंदोलन शुरू करने की भी बात कही।


