सलूंबर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को पंचायत समिति सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन ‘सशक्त नारी-सशक्त राजस्थान’ संकल्प के साथ किया गया, जिसकी शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस मौके पर हनुमानगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधा प्रसारण भी किया गया। उपस्थित महिलाओं और अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के संबोधन के साथ महिला सशक्तिकरण को लेकर जारी नए दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक देखा और सुना। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कलेक्टर अवधेश मीना ने की। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर अपने उत्साह और भागीदारी से कार्यक्रम को विशेष बनाया। कार्यक्रम में महिलाओं के साहस, संघर्ष और समाज निर्माण में उनके योगदान की सराहना की गई। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला, विधायक शांता अमृत लाल मीणा सहित कई विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। महिलाओं को प्रोत्साहन देना विकसित समाज की नींव: कलेक्टर जिला कलेक्टर अवधेश मीना ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं को प्रोत्साहित करना और उन्हें अवसर देना ही एक विकसित और सशक्त समाज की असली नींव है। उन्होंने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता से नई पहचान बना रही हैं। अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला ने महिला सुरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता पर जोर देते हुए कहा कि आज की नारी किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं है। वहीं विधायक शांता अमृत लाल मीणा ने सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए महिलाओं को इनका लाभ उठाकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया गया सम्मानित कार्यक्रम के दौरान प्रशासन की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। इनमें आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी सहायिका, ग्राम साथिन और आशा सहयोगिनी शामिल रहीं। पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान योजना 2026 के तहत विभागीय मानदेय कार्मिकों के साथ व्यक्तिगत और संस्थागत श्रेणी में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और संस्थाओं को अवार्ड एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। ‘बेटी जन्मोत्सव’ के साथ बालिकाओं को बांटी गई बेबी किट कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं के हाथों केक कटवाकर “बेटी जन्मोत्सव” मनाया गया। इस अवसर पर लाड़ो प्रोत्साहन योजना के लाभार्थियों को बेबी किट भी वितरित की गईं। महिलाओं के मनोरंजन और जागरूकता के लिए राजस्थानी संस्कृति पर आधारित कठपुतली कला का प्रदर्शन भी किया गया। इस प्रस्तुति के माध्यम से समाज में महिला सम्मान और जागरूकता का संदेश दिया गया, जिसे उपस्थित महिलाओं ने काफी सराहा। कार्यक्रम का संचालन चंद्रवीर सिंह भाटी और सुपरवाइजर सोहन सिंह सिसोदिया ने किया। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग, चिकित्सा विभाग, शिक्षा विभाग, राजीविका और कृषि विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।


