पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच दूसरे वनडे में सलमान आगा अजीब तरीके से रनआउट हो गए। इसके बाद वह बांग्लादेश के कप्तान मेहदी हसन मिराज से मैदान पर ही भिड़ गए।
पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच दूसरा वनडे मुकाबला शेर-ए-बांग्ला क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की पूरी टीम 274 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। पाकिस्तान के बल्लेबाज सलमान आगा को मैदान पर ‘बचकानी हरकत’ की वजह से अपना विकेट गंवाना पड़ा। अजीबो-गरीब अंदाज में रनआउट होने के बाद सलमान बांग्लादेश के कप्तान मेहदी हसन मिराज से भी भिड़ गए।
अजीबोगरीब तरीके से आउट हुए सलमान
दरअसल, पाकिस्तान की पारी का 39वां ओवर मेहदी हसन मिराज डाल रहे थे। ओवर की चौथी गेंद पर मोहम्मद रिजवान ने सामने की तरफ शॉट खेला। गेंद सलमान के पैरों के पास आकर रुक गई। क्रीज से बाहर होने के बावजूद सलमान गेंद को उठाने के लिए नीचे झुक गए। हालांकि, मेहदी हसन ने फुर्ती दिखाते हुए गेंद पर झपट्टा मारा और बॉल उठाकर तुरंत स्टंप पर दे मारी। जब मेहदी हसन ने थ्रो मारा, उस समय सलमान क्रीज से बाहर थे और उन्हें रनआउट करार दे दिया गया।
मेहदी हसन का यह बर्ताव सलमान आगा को बिल्कुल पसंद नहीं आया और वह उनसे मैदान पर ही भिड़ गए। सलमान ने गुस्से में अपने ग्लव्स भी फेंक दिए और वह काफी नाराज दिखाई दिए। पाकिस्तान के बल्लेबाज ने अपना हेलमेट भी जमीन पर पटक दिया और गुस्से में पवेलियन लौट गए। सलमान ने 62 गेंदों में 7 चौके और 2 छक्कों की मदद से 64 रन बनाए।
टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही। साहिबजादा फरहान और माज सदाकत ने पहले विकेट के लिए 12.6 ओवर में 103 रन जोड़े। फरहान ने 46 गेंदों में 31 रन बनाए, जबकि सदाकत ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए महज 46 गेंदों में 75 रनों की दमदार पारी खेली। शमील हुसैन सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि मोहम्मद रिजवान ने 59 गेंदों में 44 रन बनाए।
हालांकि पाकिस्तान की टीम एक समय 231 के स्कोर पर 3 विकेट गंवाकर मजबूत स्थिति में नजर आ रही थी। लेकिन इसके बाद टीम ने अपने अगले 7 विकेट सिर्फ 43 रन जोड़कर गंवा दिए। गेंदबाजी में बांग्लादेश की ओर से रिशाद हुसैन ने 56 रन देकर 3 विकेट चटकाए, जबकि मेहदी हसन मिराज ने 34 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए।
Sports – Patrika | CMS




