फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल में बुधवार देर शाम संत ब्रह्म चैतन्य महाराज अपने शिष्यों के साथ पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों को सर्दी से बचाव के लिए कंबल और कैप वितरित किए। आवास विकास स्थित लोहिया अस्पताल में संत ब्रह्म चैतन्य महाराज ने इमरजेंसी वार्ड सहित विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों को कंबल प्रदान किए। इस दौरान उन्होंने मरीजों को सर्दी से बचाव के लिए कैप भी दिए। इस अवसर पर संत ब्रह्म चैतन्य महाराज ने कहा कि हम सभी को मिलकर दीन-दुखियों की सेवा करनी चाहिए और उनके कष्टों को दूर करने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि मरीजों की सेवा करना ही सबसे बड़ा धर्म है। संत ने बताया कि यह संदेश उन्हें प्रार्थना से मिलता है। उन्होंने परमात्मा से प्रार्थना की कि जो लोग बीमारियों से ग्रसित हैं, वे जल्द से जल्द स्वस्थ हों। इस दौरान धर्मेश कुमार, दिनेश भदौरिया, आशीष राठौर, राज कुमार राजपूत, छोटू मिश्रा, राजीव, अनुज चौहान और कृष्णा पांडेय सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।


