साहित्य चेतना समाज ने छात्रों के लिए प्रतियोगिताएं आयोजित कीं:गाजीपुर के इंटर कॉलेज और मार्टर मेमोरियल स्कूल में सैकड़ों छात्र शामिल

साहित्य चेतना समाज ने छात्रों के लिए प्रतियोगिताएं आयोजित कीं:गाजीपुर के इंटर कॉलेज और मार्टर मेमोरियल स्कूल में सैकड़ों छात्र शामिल

साहित्य चेतना समाज के तत्वावधान में आदर्श इण्टर कॉलेज महुआबाग और मार्टर मेमोरियल स्कूल जंगीपुर में सामान्य ज्ञान, गणित एवं निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इन प्रतियोगिताओं में नगर सहित ग्रामीण अंचल के सैकड़ों विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। ये प्रतियोगिताएं चार वर्गों में आयोजित की गईं। कनिष्ठ वर्ग में कक्षा चार से छह, मध्यम वर्ग में कक्षा सात व आठ, ज्येष्ठ वर्ग में कक्षा नौ व दस और वरिष्ठ वर्ग में कक्षा ग्यारह व बारह के विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता प्रभारी प्रभाकर त्रिपाठी ने बताया कि सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में पचास प्रश्न और गणित प्रतियोगिता में पच्चीस प्रश्न दिए गए थे। प्रत्येक प्रश्न के दिए गए चार उत्तरों में से प्रतिभागियों को सही उत्तर का चयन करना था। ओएमआर शीट पर हुई इन प्रतियोगिताओं में माइनस मार्किंग का प्रावधान था। सही उत्तर पर जहाँ दो अंक दिए गए, वहीं गलत उत्तर पर एक अंक की कटौती की गई। निबंध प्रतियोगिता में कनिष्ठ वर्ग के लिए ‘स्वास्थ्य’, मध्यम वर्ग के लिए ‘आदत’, ज्येष्ठ वर्ग के लिए ‘साहित्य’ एवं वरिष्ठ वर्ग के लिए ‘नई शिक्षा नीति’ विषय दिए गए थे। संस्था के संस्थापक अमरनाथ तिवारी ‘अमर’ ने बताया कि इन प्रतियोगिताओं में चयनित प्रतिभागियों को आगामी मार्च में आयोजित होने वाले संस्था के 41वें वार्षिक पुरस्कार वितरण एवं गाजीपुर गौरव सम्मान समारोह (चेतना महोत्सव-2026) में स्मृति-चिह्न व प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। गाजीपुर केंद्र पर संस्था के अध्यक्ष डॉ. रविनंदन वर्मा, सचिव हीरा राम गुप्ता, आनंद प्रकाश अग्रवाल, शिवम प्रकाश त्रिपाठी, नागेश मिश्र, अमित श्रीवास्तव, हर्षित श्रीवास्तव, सिद्धार्थ शरण श्रीवास्तव, शैलेंद्र तिवारी, मनीष पाण्डेय प्रमुख रूप से उपस्थित थे। जंगीपुर केंद्र पर संस्था के संगठन सचिव प्रभाकर त्रिपाठी, जंगीपुर केंद्र प्रभारी विद्युत प्रकाश, लाल जी गुप्ता, डी. एस. यादव, अरविंद कन्नौजिया, रामजी वर्मा, आलोक कुमार सिंह, नीरज कुमार वर्मा, सुनील गुप्ता, अंकित गुप्ता और मनीष कुमार गुप्ता आदि मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *