सहारनपुर सांसद मसूद की ईरान संकट पर पहल:विदेश मंत्रालय में मुलाकात कर भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी की उठाई मांग

सहारनपुर सांसद मसूद की ईरान संकट पर पहल:विदेश मंत्रालय में मुलाकात कर भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी की उठाई मांग

सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने शुक्रवार को नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय के संयुक्त सचिव आनंद प्रकाश से मुलाकात की। उन्होंने ईरान में फंसे भारतीय नागरिकों,छात्रों और मजदूरों की सुरक्षा पर गंभीर चिंता व्यक्त की। सांसद मसूद ने विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर को एक पत्र भी सौंपा, जिसमें ईरान से भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी की मांग की गई है। सांसद इमरान मसूद ने बताया कि ईरान में मौजूदा हालात लगातार बिगड़ रहे हैं। अमेरिका के संभावित हमले की आशंका और वहां जारी विरोध प्रदर्शनों के कारण अस्थिरता बनी हुई है।उन्होंने कहा कि ऐसे में वहां रह रहे भारतीय नागरिकों,विशेषकर छात्रों और मजदूरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है।सांसद ने भारत सरकार से समय रहते ठोस कदम उठाने का आग्रह किया। अपने पत्र में सांसद मसूद ने तेहरान स्थित भारतीय दूतावास को तुरंत सक्रिय करने और ईरान में रह रहे सभी भारतीय नागरिकों से संपर्क साधने की मांग की।उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि कई अन्य देश अपने नागरिकों को निकालने के लिए विशेष उड़ानें चला रहे हैं,इसलिए भारत को भी ईरान से भारतीयों को सुरक्षित वापस लाने के लिए विशेष उड़ानें शुरू करनी चाहिए। इमरान मसूद ने विशेष रूप से ईरान में काम कर रहे भारतीय मजदूरों की स्थिति पर ध्यान दिलाया। उन्होंने बताया कि वहां बड़ी संख्या में ऐसे मजदूर हैं जिनकी आर्थिक स्थिति कमजोर है और वे अपने खर्च पर टिकट लेकर भारत लौटने में सक्षम नहीं हैं।सांसद ने सरकार से ऐसे लोगों के लिए मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए विशेष व्यवस्था करने की अपील की। विदेश मंत्रालय के संयुक्त सचिव आनंद प्रकाश ने सांसद को आश्वासन दिया कि भारत सरकार ईरान के हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।उन्होंने बताया कि वहां फंसे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है और जरूरत पड़ने पर उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। संयुक्त सचिव के अनुसार,फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और इस संबंध में प्रक्रिया जारी है। सांसद इमरान मसूद ने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार जल्द ही ठोस निर्णय लेकर ईरान में फंसे भारतीय नागरिकों को सुरक्षित स्वदेश वापस लाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई करेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *