सहकार भारती के राष्ट्रीय एवं प्रादेशिक पदाधिकारियों ने मऊगंज जिले का चार दिवसीय दौरा किया। इस प्रवास का उद्देश्य सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना और किसानों और छोटे उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाना था। प्रतिनिधिमंडल ने सहकारिता से जुड़ी योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन का निरीक्षण किया और संगठनात्मक मजबूती पर बल दिया। सहकार भारती के राष्ट्रीय सोशल मीडिया प्रमुख कुलदीप पांडेय के नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने 16 से 19 जनवरी 2026 तक मऊगंज जिले का भ्रमण किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने रीवा संभाग के कई जिलों में सहकारिता से जुड़ी गतिविधियों का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन की जानकारी भी ली। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश उपाध्यक्ष ऋषि कुमार शुक्ल, विभाग प्रमुख संजय पाण्डेय, प्रदेश सह-संयोजक (सौर ऊर्जा) संजय गौतम और जिला महामंत्री राजीव पाण्डेय शामिल थे। पदाधिकारियों ने सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों, महिला समूहों और छोटे उद्यमियों को मिलने वाले लाभों पर चर्चा की। उन्होंने लोगों को सहकारिता से जुड़कर आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। प्रवास के दौरान सौर ऊर्जा के क्षेत्र में सहकारिता की भूमिका पर विशेष चर्चा हुई। इसमें अक्षय ऊर्जा को अपनाकर गांवों को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया गया। संगठनात्मक बैठक में स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ भविष्य की कार्ययोजना तय की गई, ताकि सहकारिता आंदोलन को और अधिक मजबूत किया जा सके। इस चार दिवसीय प्रवास से मऊगंज सहित पूरे रीवा संभाग में सहकारिता आंदोलन को नई गति मिलने की उम्मीद है। इससे किसानों और युवाओं को रोजगार व समृद्धि के नए अवसर प्राप्त हो सकेंगे।


