ब्रज में होली का आगाज जमकर रंग,अबीर गुलाल उड़ाकर किया गया। शनिवार को भगवान कृष्ण की पालन नगरी गोकुल के रमण रेती में भगवान के स्वरूपों ने फूलों के साथ साथ गुलाल उड़ाया तो हर कोई उस रंग में रंगने के लिए आतुर नजर आया। यहां क्या आम क्या खास सभी होली की मस्ती में सराबोर नजर आए। सब जग होरी या ब्रज होरा सब जग होरी, जा ब्रज होरा’ की कहावत को चरितार्थ करने के साथ कान्हा की नगरी में रंगों के महापर्व में डूबने लग गई है। शनिवार को गोकुल स्थित विख्यात कार्ष्णि गुरुशरणानंद महाराज के रमण रेती आश्रम में होली महोत्सव का ऐसा रंग बरसा कि हर कोई सराबोर हो उठा। इस महोत्सव की खास बात यह रही कि यहाँ जिले के आला अधिकारियों ने पद की गरिमा और सुरक्षा के घेरे से बाहर निकलकर आम श्रद्धालुओं के साथ जमकर होली खेली। DM -SSP ने खेली होली महोत्सव के दौरान जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने आश्रम पहुँचकर पहले संतों का आशीर्वाद लिया और फिर होली के हुड़दंग में शामिल हुए। जैसे ही दोनों अधिकारी जनसमूह के बीच पहुँचे श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ उन पर अबीर और गुलाल की वर्षा कर दी। जिलाधिकारी और एसएसपी ने भी मुस्कुराते हुए सभी का अभिवादन स्वीकार किया और श्रद्धालुओं पर गुलाल उड़ाकर होली की बधाई दी। रंगों में रंगे अधिकारी डीएम और एसएसपी होली के हुड़दंग में रंगे नजर आए, अंदाज चर्चा का विषय बन गया। उन्होंने भीड़ के बीच जाकर न केवल होली का आनंद लिया बल्कि जिम्मेदारियों का अहसास कराते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी लिया। DM के लिए भले ही यह मथुरा में तैनात रहते हुए दूसरी होली है,लेकिन एसएसपी श्लोक कुमार के लिए मथुरा में तैनाती के दौरान यह पहली होली है। एसएसपी ने अपने अनुभव को साझा करते हुए कहा कि यह बेहद उत्साहजनक और भाव विभोर करने वाला अनुभव था। आश्रम गूंजा राधे राधे के उद्घोष से रमण रेती की रेती में जब टेसू के रंग और गुलाल की आंधी उड़ी तो पूरा आश्रम परिसर ‘राधे-राधे’ के उद्घोष से गूँज उठा। यहाँ देश-विदेश से आए हजारों श्रद्धालुओं ने भक्ति संगीत पर नृत्य किया। संतों के सान्निध्य में शुरू हुआ यह होली महोत्सव अब धीरे-धीरे पूरा ब्रज में रंग जमाएगा।


