रूस ने 24 घंटे में यूक्रेन पर दागे 1,000 ड्रोन्स, मचाई तबाही

रूस ने 24 घंटे में यूक्रेन पर दागे 1,000 ड्रोन्स, मचाई तबाही

रूस (Russia) और यूक्रेन (Ukraine) के बीच चल रहे युद्ध को 4 साल से ज़्यादा समय बीत चुका है। 24 फरवरी, 2022 को रूस ने यूक्रेन पर हमला कर दिया था और तभी से यह युद्ध जारी है। युद्ध की शुरुआत में लगा था कि रूसी सेना कुछ दिन में ही जीत हासिल कर लेगी, लेकिन लगातार मिले इंटरनेशनल सपोर्ट की वजह से यूक्रेनी सेना अभी भी रूसी सेना के सामने डटी हुई है। यूक्रेन में इस युद्ध की वजह से जान-माल का भारी नुकसान हुआ है। कई शहर तबाह हो गए हैं। रूसी सेना ने भी युद्ध में कई सैनिक गंवा दिए हैं। हालांकि अभी भी यूक्रेन पर रूसी हमलों का सिलसिला थमा नहीं है।

रूस ने यूक्रेन पर की ड्रोन्स की बारिश

रूस ने यूक्रेन पर पिछले 24 घंटों में करीब 1,000 ड्रोन दागे, जिसे इस युद्ध में अब तक के सबसे बड़े हमलों में से एक माना जा रहा है। रूस ने न सिर्फ रात के समय, बल्कि दिन में भी ड्रोन्स दागे। सामान्य तौर पर रूस रात के समय ही यूक्रेन पर हमले करता है। दिन के दौरान यूक्रेन पर किया गया रूस का यह अब तक का सबसे भीषण हमला था। इसके साथ ही रूस ने कुछ क्रूज़ मिसाइलें भी यूक्रेन पर दागीं और कई क्षेत्रों को निशाना बनाया। इस दौरान रूस ने ल्वीव (Lviv) शहर में यूनेस्को (UNESCO) द्वारा संरक्षित सिटी सेंटर को भी निशाना बनाया। हालांकि यूक्रेनी एयर डिफेंस ने ज़्यादातर ड्रोन्स को मार गिराया, पर कई ड्रोन्स यूक्रेन में अलग-अलग जगहों पर गिरे, जिससे तबाही मच गई। बताया जा रहा है कि रूस के इस हमले से यूक्रेन में करीब 11 क्षेत्रों में नुकसान पहुंचा, जिनमें ऊर्जा क्षेत्र, आवासीय इलाके और देश का इंफ्रास्ट्रक्चर भी शामिल हैं।

8 लोगों की मौत, दर्जनों घायल

रूस के इस हमले में यूक्रेन में 8 लोगों की मौत हो गई। दर्जनों लोग इस वजह से घायल भी हुए। घायलों को नज़दीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। रूस ने भीड़भाड़ वाले इलाकों पर भी ड्रोन्स दागे, जिससे लोगों में हड़कंप मच गया।

ज़ेलेन्स्की ने की निंदा

यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेन्स्की (Volodymyr Zelenskyy) ने रूस के इस हमले की निंदा की है। इसके साथ ही उन्होंने यूक्रेन के एयर डिफेंस को मज़बूत करने के लिए दूसरे देशों से मदद मांगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *