अमेठी में पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाह, पंपों पर भीड़:लोग डिब्बे-बोतल लेकर पहुंचे, प्रशासन ने की अफवाहों से बचने की अपील

अमेठी में पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाह, पंपों पर भीड़:लोग डिब्बे-बोतल लेकर पहुंचे, प्रशासन ने की अफवाहों से बचने की अपील

अमेठी जिले में पेट्रोल और डीजल की कमी की अफवाह फैलने के बाद गुरुवार को कई पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। विशेषकर लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर स्थित पंपों पर लोग ईंधन भरवाने के लिए बड़ी संख्या में पहुंचे। जिलाधिकारी संजय चौहान ने लोगों से किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है। मुसाफिरखाना स्थित ‘मां का आशीर्वाद फीलिंग स्टेशन’ पर दोपहिया वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं। अफवाह से डरे लोग अपने साथ डिब्बे और बोतलें लेकर भी पेट्रोल भरवाने पहुंचे। कुछ पेट्रोल पंपों पर ईंधन न मिलने से लोगों में और अधिक हड़बड़ाहट फैल गई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए, पंप प्रबंधन ने दोपहिया वाहनों को केवल 100 रुपये का पेट्रोल देना शुरू किया। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि अधिक से अधिक लोगों को ईंधन मिल सके। पेट्रोल पंप संचालकों ने स्पष्ट किया कि जिले में पेट्रोल या डीजल की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि यह पूरी तरह से अफवाह का असर है, जिसके कारण लोग घबराकर जरूरत से ज्यादा ईंधन खरीदने की कोशिश कर रहे हैं। जिलाधिकारी संजय चौहान ने एक बार फिर लोगों से अफवाहों से बचने की अपील की। उन्होंने दोहराया कि जनपद में पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। प्रशासन ने नागरिकों से संयम बरतने और अनावश्यक भीड़ न लगाने का आग्रह किया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *