Rum Cake Safe or Not : क्रिसमस के आते ही रम केक (Rum Cake) खाने को जी ललचाने लगता है। ये केक स्वाद में उम्दा में होता है पर, क्या सेहत के लिए भी उतना ही सही है। क्योंकि, रम मिला होने के कारण ये सवाल उठना लाजिम है। अगर व्यस्क खा लें तो भी क्या बच्चों को रम केक खिलाना सही है (Rum cake khaye ya nahi)?
आइए, रम केक से जुड़ी इन बातों को डॉक्टर व साइंस के नजरिए से समझते हैं।
रम केक में रम कितना है?
कैंसर सर्जन डॉ. जयेश शर्मा कहते हैं, रम केक में रम की मात्रा अधिक होने पर ये खतरनाक हो सकता है। पर, इसमें रम का प्रयोग सिर्फ अरोमा (महक) के लिए यूज किया जाता है। ये मात्रा बेहद कम होती है। हां, अगर किसी रम केक में मात्रा अधिक है तो उसे खाने से बचें या केक को रम में डूबा कर खाने से बचना चाहिए। हालांकि, बाजार में मिलने वाले रम केक तो बिना रम के ही मिलते हैं। ऐसे में बहुत घबराने वाली बात नहीं है।

क्या रम केक खाने से सेहत पर बुरा असर होता है?
डॉ. जयेश का मानना है कि शराब तो कितनी भी मात्रा में सही नहीं है। पर, रम केक में इतना अधिक भी नहीं होता कि एक दिन एकाध टुकड़ा खा लेने से आपकी सेहत खराब हो जाए या कैंसर हो जाए। सामान्य तौर पर, रम केक का सीमित मात्रा में सेवन सेहतमंद वयस्कों के लिए हानिकारक नहीं है।
रम केक को लेकर शोध
जर्नल ऑफ अमेरिकन डाइबिटीक एसोसिएशन (Journal of the American Dietetic Association) में प्रकाशित एक शोध के अनुसार, खाना पकाने या बेकिंग की विधि के आधार पर अल्कोहल की मात्रा 4% से 85% तक अवशेष के रूप में बची रह सकती है। यदि केक को बेक करने के बाद ऊपर से रम छिड़की गई है, तो उसमें अल्कोहल की मात्रा काफी सक्रिय रहती है। इससे नुकसान अधिक हो सकता है।
घर पर रम केक बनाते समय ये ध्यान रखें
- अल्कोहल की मात्रा कम रखें
- शुगर भी कम यूज करें
अगर इन दो चीजों का ध्यान रखकर रम केक बनाया जाए तो ये नुकसान नहीं पहुंचा सकता। आप एक दिन टेंशन फ्री होकर सेवन कर सकते हैं। हालांकि, इससे फायदा भी नहीं होने वाला है।
रम केक का हेल्थ पर प्रभाव
अगर आप रम केक अधिक खाते हैं तो आपको कुछ परेशानी हो सकती है। रम केक में चीनी, मक्खन, मैदा और सूखे मेवे होते हैं। अधिक मात्रा में खाने से वजन बढ़ना और ब्लड शुगर लेवल में बढ़ोतरी हो सकती है।
रम केक से पाचन की समस्या
साथ ही रम केक खाने से पेट में कुछ दिक्कत हो सकती है। कुछ लोगों को अल्कोहल और हैवी शुगर के कॉम्बिनेशन से एसिडिटी या पेट में भारीपन महसूस हो सकता है।
क्या बच्चों को रम केक खिलाना चाहिए?
डॉ. जयेश कहते हैं कि इसका सीधा जवाब है नहीं, बच्चों को रम केक देने से बचना चाहिए। पहला कारण है कि अल्कोहल का होना। इससे बच्चों को अधिक नुकसान पहुंच सकता है। साथ ही बच्चों में एलर्जी का खतरा अधिक रहता है। इसलिए, बच्चों को रम केक देने से बचें।


