IND vs WI: वेस्टइंडीज के खिलाफ संजू सैमसन की 97* रनों की मैच जिताऊ पारी के बाद ड्रेसिंग रूम का एक इमोशनल वीडियो सामने आया है। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जब संजू के संघर्ष और उनकी काबिलियत पर दिल छू लेने वाली बात कही, तो संजू ने भावुक होकर कहा- ‘रुलाएगा क्या पगले?’ जानिए जीत के बाद ड्रेसिंग रूम में क्या-क्या हुआ…
T20 World Cup 2026, IND vs WI, Sanju Samson: संजू सैमसन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 50 गेंदों में जो नाबाद 97 रनों की पारी खेली, उन्होंने भारत को सेमीफाइनल में पहुंचाकर आलोचकों का मुंह भी बंद कर दिया। मैच के बाद बीसीसीआई ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें कप्तान सूर्यकुमार यादव और संजू सैमसन के बीच दिल छू लेने वाली बातचीत दिखाई दे रही है।
ड्रेसिंग रूम के बाहर वो पल
वीडियो में दिखाया गया कि जीत के बाद जब संजू ड्रेसिंग रूम लौटे, तो उन्होंने हाथ जोड़कर भगवान का शुक्रिया अदा किया। इसके बाद उन्होंने झुककर अपने उस बल्ले को चूमा, जिससे उन्होंने यह ऐतिहासिक पारी खेली थी। संजू के चेहरे पर सुकून और आंखों में अपनी मेहनत सफल होने की चमक साफ दिख रही थी।
‘अच्छे लोगों के साथ अच्छा ही होता है’
बातचीत के दौरान सूर्या ने संजू की तारीफों के पुल बांध दिए। सूर्या ने कहा, ‘मैं हमेशा कहता हूं कि अच्छे लोगों के साथ, सही समय पर अच्छा ही होता है। संजू के लिए इससे बड़ा मंच और इससे सही समय नहीं हो सकता था। जब वो टीम में वापस आए, तो उन्होंने ग्रुप में पहली बात यही कही थी ‘चलो वो करते हैं जो टीम चाहती है, वो नहीं जो हम चाहते हैं’।’
‘अपनी पोजीशन से हटकर भी बल्लेबाजी की’
सूर्या ने आगे कहा कि संजू ने पिछले एक साल में बहुत उतार-चढ़ाव देखे हैं। कभी अपनी जगह खोई, तो कभी अपनी पोजीशन से हटकर बल्लेबाजी की। लेकिन इस वर्ल्ड कप के दबाव वाले मैच में उन्होंने जो साहस दिखाया, वही टीम को चाहिए था। सूर्या बोले, ‘संजू इस क्रेडिट के हकदार हैं। मैं उनके लिए, उनकी पत्नी और उनके परिवार के लिए बहुत खुश हूं।’
‘रुलाएगा क्या पगले?’
कप्तान की इन बातों को सुनकर संजू सैमसन काफी इमोशनल हो गए। जब सूर्या उनकी तारीफ खत्म ही नहीं कर रहे थे, तो संजू ने मजाकिया लेकिन भावुक अंदाज में कहा, ‘रुलाएगा क्या पगले?’
संजू के लिए अग्निपरीक्षा थी यह पारी
यह पारी संजू के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं है। जिम्बाब्वे के खिलाफ उन्हें रिंकू सिंह की जगह मौका मिला था, जहां उन्होंने सिर्फ 24 रन बनाए थे। लेकिन वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्होंने दिखा दिया कि अगर उन पर भरोसा किया जाए, तो वह अकेले दम पर मैच जिता सकते हैं।
Sports – Patrika | CMS


