मंदसौर में युवती की संदिग्ध मौत पर हंगामा:कुएं में मिला था शव, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई, बोले-निष्पक्ष जांच हो

मंदसौर में युवती की संदिग्ध मौत पर हंगामा:कुएं में मिला था शव, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई, बोले-निष्पक्ष जांच हो

मंदसौर जिले में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। 17 फरवरी 2026 को घर से लापता हुई 22 वर्षीय अल्फिया का शव दो दिन बाद ग्राम कोचवी पंचायत क्षेत्र के श्मशान घाट स्थित कुएं में तैरता मिला। घटना के बाद जहां पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया, वहीं परिजनों ने पूरे मामले में संदेह जताते हुए निष्पक्ष जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट की पुनः समीक्षा की मांग की है। ग्रामीणों और मुस्लिम समाज के लोगों ने एकत्र होकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय तथा जिला चिकित्सालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और आवश्यक कार्रवाई की मांग की। बकरियां चराने गई थी, फिर नहीं लौटी घर परिजनों के अनुसार अल्फिया (उम्र 22 वर्ष), पिता सत्तार अजमेरी, निवासी ग्राम भरडावद, 17 फरवरी को दोपहर करीब 12 बजे बकरियां चराने के लिए घर से निकली थी, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटी। परिवार और ग्रामीणों ने उसकी तलाश की, परंतु कोई सुराग नहीं मिला। 19 फरवरी को परिजन खोजबीन करते हुए ग्राम कोचवी के श्मशान घाट पहुंचे, जहां उन्हें चप्पल और लकड़ी दिखाई दी। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कुएं में तलाश करने पर युवती का शव बरामद किया गया। पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मोबाइल कॉल डिटेल से सामने आया संदिग्ध संपर्क परिजनों का आरोप है कि अल्फिया के कपड़ों से मिले मोबाइल फोन की जांच में एक नंबर से घटना वाले दिन कई बार बातचीत और संदेशों का आदान-प्रदान सामने आया। जांच में यह नंबर पप्पुसिंह परिहार उर्फ बबलू, का बताया गया। परिजनों का कहना है कि घटना वाले दिन भी इस व्यक्ति से बातचीत और मैसेज हुए थे, इसके बावजूद थाना वायडी पुलिस द्वारा अब तक संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इस पर उन्होंने एसपी से हस्तक्षेप कर आरोपी की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच के निर्देश देने की मांग की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर भी उठाए सवाल मामले को लेकर परिजनों ने जिला अस्पताल में हुए पोस्टमार्टम पर भी संदेह व्यक्त किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पोस्टमार्टम के दौरान डॉक्टरों और पुलिस को यह बताया गया था कि युवती की हत्या कर शव कुएं में फेंका गया है। उनका दावा है कि शव की स्थिति पानी में लंबे समय तक रहने जैसी नहीं थी और कुछ चोटों तथा अन्य परिस्थितियों को रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से उल्लेखित नहीं किया गया। इस संबंध में परिजनों ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) को ज्ञापन सौंपकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट की पुनः जांच कराने, तथ्यों को शामिल करने तथा संबंधित डॉक्टर से स्पष्टीकरण लेने की मांग की है। समाजजनों ने की निष्पक्ष जांच की मांग मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों एवं मुस्लिम समाज के लोगों ने एकजुट होकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में ज्ञापन दिया। ज्ञापन में मांग की गई है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं गहन जांच कर दोषी व्यक्ति के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि मृतिका के परिवार को न्याय मिल सके। परिजनों का कहना है कि कॉल डिटेल में संदिग्ध संपर्क सामने आने के बावजूद अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है, जिससे जांच की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने उच्च अधिकारियों से मांग की है कि मामले की निष्पक्षता सुनिश्चित की जाए और जांच की निगरानी वरिष्ठ स्तर पर की जाए।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *