होली पर बवाल… हंगामा शांत कराने पहुंची पुलिस टीम पर हमला, कई जवान घायल, 5 आरोपी गिरफ्तार

होली पर बवाल… हंगामा शांत कराने पहुंची पुलिस टीम पर हमला, कई जवान घायल, 5 आरोपी गिरफ्तार

Bilaspur Crime News: बिलासपुर जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र में मारपीट की शिकायत की जांच के लिए पहुंची पुलिस टीम पर नशे में धुत युवकों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की की, गाली-गलौज करते हुए सरकारी कार्य में बाधा डाली और एक आरक्षक की वर्दी तक फाड़ दी। घटना में थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम पेण्डरवा निवासी जलेश्वर साहू थाने पहुंचकर अपने और अपने बेटे के साथ हुई मारपीट की शिकायत दर्ज करा रहे थे। इसी दौरान उनकी बेटी ने फोन कर बताया कि जिन लोगों ने पहले मारपीट की थी, वे फिर से शराब के नशे में उनके घर के पास आकर गाली-गलौज कर रहे हैं और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अवनीश पासवान पुलिस टीम के साथ शासकीय वाहन से गांव के लिए रवाना हुए।

दुर्घटनाग्रस्त मिली कार, चालक नशे में

पुलिस टीम जब ग्राम निपनिया के पीपल चौक के पास पहुंची तो देखा कि एक स्विफ्ट डिजायर कार (सीजी 10 एन 2288) डिवाइडर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से वाहन को हटवाया और चालक को थाने चलने के लिए कहा। बताया जाता है कि चालक शराब के नशे में था और पुलिस का विरोध करते हुए जाने से मना करने लगा।

इसी दौरान चालक के साथी जावेद, आजीम, कार्तिक श्रीवास और पप्पू वहां पहुंच गए और पुलिस से उलझने लगे। समझाने के बावजूद वे नहीं माने और अपने अन्य साथियों श्याम बंसल, राहुल बंसल और यश बंसल को भी बुला लिया। सभी आरोपियों ने मिलकर पुलिस टीम के साथ बदसलूकी की, गाली-गलौज करते हुए सरकारी कार्य में बाधा डाली।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

थाना प्रभारी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट, गाली-गलौज और धमकी सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पकड़े गए आरोपियों में कामता यादव 30 वर्ष निवासी निपानिया थाना बिल्हा, लोकेश पटेल उम्र 30 वर्ष निवासी निपानिया थाना बिल्हा, मनोहर यादव उम्र 50 वर्ष निवासी निपानिया थाना बिल्हा, अजीम मोहम्मद उम्र 28 वर्ष निवासी निपानिया थाना बिल्हा, जावेद मोहम्मद उम्र 33 वर्ष निवासी निपानिया शामिल हैं। बताया जा रहा कि पुलिस ने बाद में दो और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिसकर्मियों को बचाने गए थाना प्रभारी से भी भिड़ गए आरोपी

हंगामे के दौरान महिला आरक्षक चंदा यादव के साथ धक्का-मुक्की की गई। वहीं आरक्षक मौसम साहू की वर्दी पकडक़र फाड़ दी गई और उनके साथ मारपीट की गई। आरक्षक संतोष मरकाम से भी आरोपियों ने मारपीट की गई। बीच-बचाव करने पहुंचे थाना प्रभारी अवनीश पासवान के साथ भी खींचतान की गई, जिससे उनके बाएं हाथ की कलाई में चोट लग गई। घटना में कई पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर थाने से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस बल को देखते ही वहां मौजूद कई लोग भाग निकले। पुलिस टीम किसी तरह कार चालक को पकड़ कर थाने ले आई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *