श्रावस्ती अस्पताल में बच्चा बदलने का आरोप लगाकर हंगामा:परिजन बोले- डॉक्टरों ने लड़का पैदा हुआ बताकर गोद में लड़की दी, जांच के आदेश

श्रावस्ती के भिनगा संयुक्त जिला चिकित्सालय में बच्चा बदलने की आशंका को लेकर परिजनों ने जमकर हंगामा किया। एक प्रसव पीड़िता के परिवार ने आरोप लगाया कि ऑपरेशन के बाद पहले उन्हें लड़का होने की जानकारी दी गई, लेकिन कुछ समय बाद लड़की होने की बात कही गई। वहीं प्रसव के लिए आई महिलाओं के परिजनों का यह भी आरोप है कि ऑपरेशन के लिए उनसे 5,000 रुपये जमा कराए गए थे। इस घटना के बाद परिवार में बच्चों की अदला-बदली की आशंका को लेकर आक्रोश फैल गया। दरअसल बरदेहरा गांव निवासी शाकिर अली ने बताया कि उनके घर की प्रसव पीड़ित महिला के ऑपरेशन के बाद एक बच्चा लाकर अस्पताल के गेट पर दिया गया। आधे घंटे बाद उन्हें बताया गया कि उन्हें लड़का नहीं, बल्कि लड़की हुई है। शाकिर अली ने सवाल उठाया कि यदि लड़की हुई थी, तो पहले लड़का क्यों दिया गया। आरोप है की उनके भतीजे ने लड़का होने की जानकारी पर 200 रुपये अलग से दिए थे। एक अन्य पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि प्रसव पीड़ित महिला के ऑपरेशन के लिए एक परिवार से 4,000 रुपए लिए गए थे, जबकि 1,000 रुपए कम थे। उनका कहना है कि जब तक पूरे पैसे नहीं दिए गए, तब तक उनके बच्चे को ऑपरेशन के बाद बाहर नहीं निकाला गया। बाद में जब शेष 1,000 रुपये भी दे दिए गए, तो उन्हें बताया गया कि “तुम्हारा बच्चा गया”। मामले की गंभीरता को देखते हुए, श्रावस्ती जिला अस्पताल के सीएमएस डॉक्टर राजपाल सिंह ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि एक लड़का उनके पास आया था, जिसे आशंका है कि उसका बच्चा बदल दिया गया है। इस ‘कन्फ्यूजन’ की जांच के लिए एक टीम गठित की गई है। सीएमएस डॉक्टर राजपाल सिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि ऑपरेशन के नाम पर पैसे लेने के आरोप भी सही पाए जाते हैं, तो पूरी जांच में दोनों मामलों मे जो भी सत्यता सामने आएगी, उसके आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *