RTE Admission 2026: राजस्थान में आरटीई के तहत निजी स्कूलों में दाखिले की प्रक्रिया जल्द शुरू होने वाली है। इसे लेकर नई गाइडलाइन जारी हो गई है और निजी स्कूलों में दो चरणों में प्रवेश की प्रक्रिया पूरी होगी। राजस्थान के निजी स्कूलों में पहली बार नर्सरी से लेकर पहली क्लास तक यानी चार क्लासों में राइट टू एजुकेशन आरटीई के तहत एडमिशन हो पाएगा। इसके लिए 20 फरवरी से आवेदन शुरू हो जाएंगे, जबकि छह मार्च को लॉटरी निकाली जाएगी।
नई गाइडलाइन जारी
प्रारम्भिक शिक्षा निदेशालय ने इसके लिए विस्तृत कार्यक्रम जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि इस बार नर्सरी से पहली क्लास तक यानी कुल चार क्लास में आरटीई से निःशुल्क एडमिशन दिया जाएगा।
प्रारम्भिक शिक्षा निदेशालय की सहायक निदेशक और आरटीई एडमिशन प्रभारी चंद्र किरण पंवार ने बताया कि नर्सरी क्लास में तीन से चार साल तक और फर्स्ट क्लास में छह से सात साल तक के बच्चों को एडमिशन दिया जा रहा है।
इस बार ये रहेगा फॉर्मूला
इस बार शिक्षा विभाग ने इसमें बदलाव करते हुए चार क्लासों को जोड़ा है। इसके तहत नर्सरी, एलकेजी, यूकेजी और पहली क्लास में एडमिशन हो पाएंगे। प्री प्राइमरी तीन प्लस यानी नर्सरी में तीन साल से अधिक और चार साल से कम उम्र के स्टूडेंट्स, प्री प्राइमरी चार प्लस यानी एलकेजी में चार वर्ष से पांच वर्ष तक के स्टूडेंट्स, प्री प्राइमरी पांच प्लस यानी यूकेजी में पांच वर्ष से अधिक और छह वर्ष से कम आयु के स्टूडेंट्स और फर्स्ट क्लास में छह वर्ष से अधिक और सात वर्ष से कम उम्र के स्टूडेंट्स को एडमिशन मिल सकेगा।


