RSSB Update : राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने प्रतियोगी परीक्षाओं में डिलीट सवालों को लेकर बड़ा बदलाव किया है। अब यदि किसी परीक्षा में कोई सवाल हटाया जाता है, तो उसके अंक सिर्फ उस प्रश्न के सेक्शन के प्रश्नों पर ही नहीं बल्कि अब उस प्रश्न पत्र के सभी प्रश्नों पर बराबर बांटे जाएंगे। साथ ही नेगेटिव मार्किंग के नियमों में भी राहत दी गई है। नई व्यवस्था से अभ्यर्थियों के बीच समानता बनेगी और अंक गणना की जटिलता कम होगी। नई प्रणाली से विशेष रूप से एससी, एसटी, सहरिया, टीएसपी क्षेत्र के अभ्यर्थियों, खिलाड़ियों, पूर्व सैनिकों, तलाकशुदा और विधवा महिलाओं को अधिक लाभ मिलेगा।
प्रतियोगी परीक्षाओं में नेगेटिव मार्किंग को लेकर लंबे समय से चल रही असमंजस की स्थिति अब खत्म होने जा रही है। नई व्यवस्था में गलत उत्तर पर 1/3 अंक की कटौती केवल मूल नंबर के आधार पर ही होगी। इसका मतलब है कि यदि किसी प्रश्न को बाद में डिलीट कर दिया जाता है और अभ्यर्थियों को बोनस अंक मिलते हैं, तो उन अतिरिक्त अंकों का असर नेगेटिव मार्किंग पर नहीं पड़ेगा। इससे अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी, क्योंकि गलत उत्तर देने पर अतिरिक्त कटौती नहीं होगी।
उदाहरण के तौर पर हिस्ट्री का 3 नंबर का एक प्रश्न डिलीट हुआ और हिस्ट्री के कुल 20 प्रश्न थे, तो उन 3 नंबर को बाकी 19 प्रश्नों में बांट दिया जाता था। इसका असर ये होता था कि सही उत्तर देने वाले अभ्यर्थियों को अतिरिक्त लाभ मिल जाता था, लेकिन गलत उत्तर देने वालों के लिए नेगेटिव मार्किंग भी बढ़ जाती थी। 1/3 नेगेटिव मार्किंग ‘बढ़े हुए अंक’ के आधार पर ही लागू होती थी।
अब डिलीट प्रश्न के अंक पूरे पेपर में बराबर बंटेंगे
बोर्ड अध्यक्ष मेजर जनरल आलोक राज ने बताया कि अब कर्मचारी चयन बोर्ड ने डिलीट प्रश्नों को लेकर दो बड़े बदलाव किए हैं। अब डिलीट प्रश्न के अंक सिर्फ उसी विषय में नहीं, बल्कि पूरे प्रश्नपत्र में बांटे जाएंगे। उदाहरण के लिए-यदि 100 प्रश्नों में 1 प्रश्न डिलीट हुआ तो उसके अंक बाकी 99 प्रश्नों में समान रूप से जुड़ेंगे। इससे कैलकुलेशन आसान होगी और विषय पहचान की समस्या खत्म होगी। सभी अभ्यर्थियों के लिए इसका समान प्रभाव पड़ेगा।
बदलाव माना जा सकता है बड़ा सुधार – आलोक राज
मेजर जनरल आलोक राज ने ने बताया कि देश की कई भर्ती एजेंसियां, जो अभी ‘बोनस मार्क्स’ का विकल्प अपनाती हैं, वे भी अब राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के इस मॉडल को अपनाने की दिशा में काम कर रही हैं। डिलीट प्रश्नों को लेकर ये बदलाव बड़ा सुधार माना जा सकता है।


