सूडान (Sudan) में सेना और अर्धसैनिक बल (पैरामिलिट्री) रैपिड सपोर्ट फोर्सेज़ – आरएसएफ (Rapid Support Forces – RSF) के बीच चल रहे युद्ध को जल्द ही 3 साल पूरे हो जाएंगे। 15 अप्रैल 2023 से चल रहा युद्ध अभी भी जारी है। इस युद्ध ने सूडान में कई हज़ार लोगों की जान ले ली, लाखों लोगों के घर उनसे छीन लिए, करोड़ों लोगों को खाने के संकट से जूझने के लिए मजबूर कर दिया और देश में हालात अस्थिर कर दिए। अभी भी सूडान में आरएसएफ की दहशत पर लगाम नहीं लगी है। आए दिन ही सूडान में आरएसएफ के लड़ाके आतंक मचाते हुए निर्दोष लोगों को मौत के घाट उतार देते हैं। अब एक बार फिर सूडान में आरएसएफ के कत्लेआम मचाने के मामले सामने आए हैं।
आरएसएफ ने दागे ड्रोन्स
सूडान में हेल्थ वर्कर्स ने जानकारी दी कि आरएसएफ ने देश में दो अलग-अलग जगहों पर ड्रोन्स से हमला करते हुए हाहाकार मचा दिया। पहला हमला उत्तरी दारफुर (North Darfur) राज्य के सराफ ओमरा (Saraf Omra) कस्बे में एक बाज़ार पर किया गया। बाजार में खड़े एक तेल के ट्रक पर आरएसएफ का ड्रोन लगा, जिससे आग लग गई। इस वजह से धमाका हो गया और चीखपुकार मच गई। दूसरा हमला उत्तरी कोर्डोफन (North Kordofan) राज्य के सेना-नियंत्रित क्षेत्र में एक राजमार्ग पर नागरिकों को ले जा रहे एक ट्रक पर किया गया। राज्य की राजधानी अल ओबेद (El Obeid) से होते हुए पूर्व से पश्चिम की ओर दारफुर तक जाने वाली इस सड़क पर जा रहे ट्रक पर आरएसएफ ने ड्रोन दागा।
28 लोगों की मौत
आरएसएफ के इन हवाई हमलों में 28 लोगों की मौत हो गई। पहले हमले में एक शिशु समेत 22 लोग मारे गए। वहीँ दूसरे हमले में 6 लोगों की मौत हो गई।
27 लोग घायल
आरएसएफ के पहले हमले में 17 लोग घायल हो गए। घायलों को स्थानीय क्लिनिक में भर्ती कराया गया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। दूसरे हमले में 10 लोग घायल हो गए, जिन्हें अल रहाद (El Rahad) कस्बे के एक अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। दोनों हमलों में घायल हुए कुछ लोगों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।


