सूडान (Sudan) में सेना और अर्धसैनिक बल (पैरामिलिट्री) रैपिड सपोर्ट फोर्सेज़ – आरएसएफ (Rapid Support Forces – RSF) के बीच चल रही खूनी जंग रुकने का नाम ही नहीं ले रही है। 15 अप्रैल 2023 को दोनों पक्षों के बीच जंग शुरू हुई थी और अभी भी इसके रुकने की संभावना नज़र नहीं आ रही। सूडान में जंग की वजह से जान-माल का भारी नुकसान हो चुका है। कई हज़ार लोग मारे जा चुके हैं, लाखों घर तबाह हो गए जिससे लाखों लोग बेघर हो चुके हैं। करोड़ों लोगों को खाने की समस्या झेलनी पड़ रही है। सूडान में अक्सर ही आरएसएफ के हमले देखने को मिलते हैं और अब एक बार फिर ऐसा ही देखने को मिला है।
लोगों के लिए खाना ले जा रहे ट्रकों पर हमला
आरएसएफ ने गुरुवार को ट्रकों को निशाना बनाया। ये ट्रक साउथ कोर्डोफन (South Kordofan) में कडुगली (Kadugli) शहर से डिलिंग (Dilling) जा रहे थे और लोगों के लिए खाना और अन्य मानवीय सहायता सामग्री ले जा रहे थे। करतला (Kartala) शहर में इन ट्रकों पर आरएसएफ ने ड्रोन्स से हमला कर दिया, जिससे हाहाकार मच गया। सूडानी डॉक्टर्स नेटवर्क ग्रुप ने इस हमले की जानकारी दी।
3 लोगों की मौत और 4 घायल
सूडानी डॉक्टर्स नेटवर्क ग्रुप ने बताया कि आरएसएफ के हमले में ट्रकों में लोगों के लिए खाना और अन्य मानवीय सहायता सामग्री ले जा रहे 3 लोगों की मौत हो गई। इस हमले में 4 लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए नज़दीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


