RR के बॉलर्स ने मचाई सनसनी, स्टार और धाकड़ बल्लेबाजों से भरी CSK की बैटिंग को कर दिया तहस-नहस

RR के बॉलर्स ने मचाई सनसनी, स्टार और धाकड़ बल्लेबाजों से भरी CSK की बैटिंग को कर दिया तहस-नहस

RR vs CSK, IPL 2026: आईपीएल 2026 के तीसरे मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने राजस्थान रॉयल्स के सामने जीत के लिए 128 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही और 8 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। पूरी टीम 20 ओवर के पहले 127 रन पर ही ढेर हो गई। संजू सैमसन और रुतुराज गायकवाड़ ने भी निराश किया।

फ्लॉप रहे संजू-गायकवाड़

गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में रियान पराग ने टॉस जीतकर चेन्नई सुपर किंग्स को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। संजू सैमसन और कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने पारी की शुरुआत की, हालांकि दोनों ही बल्लेबाज 6-6 रन बनाकर बोल्ड होकर पवेलियन लौट गए। सैमसन को नांद्रे बर्गर ने आउट किया, जबकि ऋतुराज गायकवाड़ को जोफ्रा आर्चर ने बोल्ड किया।

इसके बाद आयुष म्हात्रे खाता भी नहीं खोल सके और बर्गर की गेंद पर आउट हो गए। इसके बाद मैथ्यू शॉर्ट को संदीप शर्मा ने पवेलियन भेजा। सरफराज खान और कार्तिक शर्मा ने मिलकर टीम को 50 के पार पहुंचाया, लेकिन 51 के स्कोर पर सरफराज खान आउट हो गए। सरफराज खान ने 12 गेंदों में 17 रन बनाए तो कार्तिक शर्मा ने 18 रन बनाए।

शिवम दुबे सिर्फ एक छक्का लगा सके और रवींद्र जडेजा का शिकार बने। इसके बाद टीम की हालत और खराब हो गई। आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए जेमी ओवरटन ने चेन्नई सुपर किंग्स की लाज बचाई। एक समय टीम 80 रन के आसपास सिमटती नजर आ रही थी, लेकिन ओवरटन की 43 रनों की पारी ने टीम को 127 तक पहुंचाया। इसके बाद नूर अहमद और मैट हेनरी 5-5 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि अंशुल कंबोज 10 गेंदों में 7 रन बनाकर नाबाद रहे। ओवरटन ने 36 गेंदों का सामना करते हुए 4 चौके और 2 छक्कों की मदद से 43 रन बनाए और आखिरी ओवर की चौथी गेंद पर रन आउट हुए।

जोफ्रा आर्चर ने 4 ओवर में 19 रन खर्च किए और 2 विकेट हासिल किए, तो रवींद्र जडेजा ने 3 ओवर में 18 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। नांद्रे बर्गर ने भी 2 विकेट हासिल किए लेकिन 4 ओवर में 26 रन दिए। इसके अलावा ब्रिजेश शर्मा, संदीप शर्मा और रवि बिश्नोई को भी 1-1 सफलता मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *