भास्कर न्यूज | जालंधर रोटरी क्लब जालंधर हेल्पिंग हैंड्स द्वारा एक विशेष परियोजना के अंतर्गत “ विमेन हेल्थ एंड हाइजीन अवेयरनेस ड्राइव” के नारे के साथ अभियान प्रारंभ किया गया। इस कार्यक्रम के पहले चरण की शुरुआत सरकारी महिला आईटीआई कॉलेज नजदीक रेड क्रॉस लाजपत नगर में क्लब के प्रधान डॉक्टर मनदीप सिंह की अगुवाई में की गई। इस सेमिनार के मुख्य वक्ता डॉ. हरिंदर कौर ने उपस्थित महिलाओं एवं छात्राओं के साथ अपने चिकित्सकीय अनुभव साझा किए। उन्होंने स्वस्थ आदतों, रोगों की रोकथाम, आवश्यक जाँचों, टीकाकरण की आवश्यकता तथा विशेष रूप से ब्रेस्ट, यूट्रीन, और सरवाइकल कैंसर संबंधी जानकारी प्रदान की। उन्होंने महिलाओं को स्वच्छता एवं स्वास्थ्य से जुड़े विशेष सुझाव दिए, जिनमें स्वयं परीक्षण तथा चेतावनी संकेतों के बारे में बताया कि कब चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए। सत्र के बाद छात्राओं ने डॉ. हरिंदर से अपने व्यक्तिगत स्वास्थ्य संबंधी प्रश्न पूछे, जिनका समाधान उन्होंने काउंसलिंग सेशन द्वारा किया। क्लब के प्रधान ने सभी छात्रों को इस संवेदनशील विषय पर ग्रुप डिस्कशन के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर पूर्व प्रधान राजेश बाहरी, प्रेसिडेंट इलेक्ट अनु बाहरी, सुपरिटेंडेंट गुलशन कुमार, सेक्रेटरी एचएस आहूजा, कोषाध्यक्ष केएस औजला और कॉलेज का स्टाफ मौजूद था।


