T20 World Cup 2026 1st Hat-Trick: स्कॉटलैंड और वेस्टइंडीज के बीच खेले गए आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप के दूसरे मुकाबले में रोमारियो शेफर्ड ने हैट्रिक पूरी की। उन्होंने दूसरी पारी के 17वें ओवर की दूसरी, तीसरी और चौथी गेंद पर लगातार तीन विकेट चटकाकर यह कारनामा किया। हालांकि ओवर की आखिरी गेंद पर भी उन्होंने एक विकेट चटकाया और कुल 4 विकेट इस ओवर में अपने नाम किए।
इस मुकाबले में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 182 रन बनाए थे। 183 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्कॉटलैंड की टीम दो बार की चैंपियन वेस्टइंडीज के सामने कहीं भी टिक नहीं सकी। रही-सही कसर रोमारियो शेफर्ड ने पूरी कर दी, जब उन्होंने 17वें ओवर की दूसरी गेंद पर क्रॉस को आउट कराया, इसके बाद तीसरी गेंद पर माइकल लीस्क को पवेलियन भेजा और ओवर की चौथी गेंद पर ओलिवर डेविडसन को आउट कर अपनी हैट्रिक पूरी की। शेफर्ड की इस हैट्रिक ने स्कॉटलैंड की जीत की उम्मीदों पर पूरी तरह पानी फेर दिया।
हेटमायर ने जड़ा अर्धशतक
इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने शिमरॉन हेटमायर की तूफानी 64 रनों की पारी की बदौलत 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 182 रन बनाए। इस दौरान ब्रैंडन किंग ने 35 रन, रोवमैन पॉवेल ने 24 रन और शेरफेन रदरफोर्ड ने 26 रनों की पारी खेली।
शेफर्ड ने झटके 5 विकेट
183 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्कॉटलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने 37 रन पर ही तीन विकेट गंवा दिए। हालांकि कप्तान रिची बेरिंगटन ने 42 रन बनाए और टॉम ब्रूस के साथ 80 से ज्यादा रनों की अहम साझेदारी की। इसके बाद रोमारियो शेफर्ड की तूफानी गेंदबाजी देखने को मिली, जिन्होंने 17वें ओवर में ही स्कॉटलैंड की उम्मीदें खत्म कर दीं। शेफर्ड ने 3 ओवर में 20 रन देकर 5 विकेट चटकाए, जबकि जेसन होल्डर ने 3.5 ओवर में 33 रन देकर 3 विकेट हासिल किए।


