बाराबंकी में मछली फार्म पर डकैती, 4.80 लाख लूटे:आधा दर्जन बदमाशों ने कर्मचारियों को बंधक बनाया, पुलिस जांच जारी

बाराबंकी में मछली फार्म पर डकैती, 4.80 लाख लूटे:आधा दर्जन बदमाशों ने कर्मचारियों को बंधक बनाया, पुलिस जांच जारी

बाराबंकी जिले के जांगीराबाद थाना क्षेत्र के मिश्रीपुर गांव स्थित एक मछली फॉर्म पर डकैती की घटना सामने आई है। देर रात आधा दर्जन से अधिक हथियारबंद बदमाशों ने फॉर्म पर धावा बोलकर कर्मचारियों को बंधक बना लिया। बदमाशों ने कार्यालय से करीब 4 लाख 80 हजार रुपये नकद लूटे और फरार हो गए। यह घटना देर रात करीब दो बजे हुई। उस समय मछली फॉर्म पर कुल पांच कर्मचारी मौजूद थे। हथियारबंद बदमाश फॉर्म में घुस आए और सभी कर्मचारियों को कब्जे में लेकर एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद उन्होंने फॉर्म के कार्यालय में रखी नकदी लूटी। पास में चौकीदारी कर रहे लोगों को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद उन्होंने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। जांगीराबाद थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की और बंधक बनाए गए कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला। घटनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने कर्मचारियों से पूछताछ की है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। बदमाशों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर घटना का खुलासा किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है और संदिग्धों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *