उन्नाव में रोडवेज बस खाई में पलटी, 4 गंभीर घायल:45 यात्री सवार थे, यात्री बोले- बस की रफ्तार तेज थी, चालक नशे में था

उन्नाव में रोडवेज बस खाई में पलटी, 4 गंभीर घायल:45 यात्री सवार थे, यात्री बोले- बस की रफ्तार तेज थी, चालक नशे में था

उन्नाव-रायबरेली रोड पर शुक्रवार को एक सरकारी रोडवेज बस अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। इस हादसे में चार यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कई अन्य को मामूली चोटें आईं। घटना आनंदी देवी मंदिर के पास हुई। बस में करीब 45 से 50 यात्री सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस तेज रफ्तार में थी और अचानक संतुलन बिगड़ने से सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बस से बाहर निकाला। सूचना मिलते ही बीघापुर थाना पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद बीघापुर स्थित 100 शैया अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों के अनुसार, चार यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। अस्पताल प्रशासन ने घायलों के इलाज के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए। यात्रियों ने आरोप लगाया है कि रोडवेज बस चालक नशे की हालत में था और लापरवाही से बस चला रहा था। उनका कहना है कि चालक की इसी लापरवाही के कारण बस अनियंत्रित होकर खाई में पलटी। हादसे के तुरंत बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिससे यात्रियों में आक्रोश है। घटना की जानकारी मिलते ही बीघापुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और यातायात को सुचारू कराया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को खाई से निकलवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों के आरोपों की जांच की जा रही है। चालक के नशे में होने की पुष्टि मेडिकल जांच और साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है, जिसमें बस की तकनीकी स्थिति, चालक की ड्यूटी डिटेल और यात्रियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *