पलामू में रोड रॉबरी का खुलासा:मां के मोबाइल फोन से पकड़ा गया मुख्य आरोपी, लूटी गई बाइक भी बरामद

पलामू में रोड रॉबरी का खुलासा:मां के मोबाइल फोन से पकड़ा गया मुख्य आरोपी, लूटी गई बाइक भी बरामद

पलामू के रामगढ़ थाना क्षेत्र में 6 जनवरी को हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है और लूटे गए सामान भी बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस दो अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। चैनपुर के अदनिया गांव निवासी सुनील भुईयाँ ने रामगढ़ थाना में एफआईआर दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि रामगढ़ से चैनपुर जाते समय काचन और सरहुआ गांव के बीच रास्ते में तीन अज्ञात अपराधियों ने उनसे मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और 1500 रुपए नकद लूट लिए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए रामगढ़ थाना में कांड दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। तकनीकी शाखा की मदद से एक मोबाइल नंबर का सुराग मिला, जो रामगढ़ निवासी रोजित अंसारी की पत्नी जुबैदा बेगम के नाम पर सक्रिय पाया गया। पूछताछ में जुबैदा बेगम ने बताया कि इस मोबाइल नंबर का उपयोग उनका बेटा कैसरुल अंसारी उर्फ सोनू करता है। इसके बाद पुलिस ने लगातार छापेमारी कर कैसरुल अंसारी उर्फ सोनू को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान कैसरुल अंसारी उर्फ सोनू ने खुलासा किया कि उसने बिहार निवासी दानिश और जय दुर्गेश साह के साथ मिलकर इस लूट की घटना को अंजाम दिया था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वादी से लूटी गई मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद कर लिए। पुलिस ने कैसरुल अंसारी उर्फ सोनू को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, अन्य दो अभियुक्तों दानिश और जय दुर्गेश साह (दोनों बिहार निवासी) के नाम-पते का सत्यापन कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *