बूंदी के लाखेरी स्टेशन क्षेत्र में कोटा-लालसोट मेगा हाईवे तिराहे से रेलवे स्टेशन होते हुए मेगा हाईवे बाईपास चौराहे तक प्रस्तावित सड़क नवीनीकरण कार्य रुक गया है।
इस संबंध में क्षेत्रवासियों, ऑटो यूनियन और वाहन चालकों ने सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) से सड़क निर्माण कार्य जल्द पूरा करवाने की मांग की है। क्षेत्रवासियों के अनुसार राज्य सरकार ने इस सड़क के नवीनीकरण को स्वीकृति दे दी थी और विभाग द्वारा संवेदक को वर्क ऑर्डर भी जारी किए जा चुके हैं। इसके बावजूद कुछ प्रभावशाली लोगों द्वारा कार्य में बाधा डालने की कोशिश की जा रही है, जिससे काम रुका हुआ है। यह सड़क मेगा हाईवे तिराहे से रेलवे स्टेशन होते हुए हाईवे चौराहे तक जाने वाला एक मुख्य मार्ग है। इस रास्ते से प्रतिदिन 200 से अधिक ऑटो रिक्शा सहित अन्य वाहनों की आवाजाही होती है। यह रेलवे स्टेशन पहुंचने का सबसे व्यस्त मार्ग भी है। क्षेत्रवासियों ने विभाग से अपील की है कि आमजन, राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सड़क निर्माण कार्य को राज्य सरकार के आदेशानुसार पूरा करवाया जाए। उन्होंने यह भी मांग की है कि यदि कोई व्यक्ति कार्य में बाधा उत्पन्न करता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। कंटेंट: अश्विनी शर्मा नैनवां।


