Rinku Singh Father Passed Away: भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह ने आज अपने पिता खानचंद सिंह की अर्थी को कंधा दिया। अलीगढ़ के क्वार्सी थाना क्षेत्र के शंकर विहार श्मशान घाट पर बड़ी संख्या में लोग अंतिम यात्रा में शामिल हुए। पूरा गांव और आसपास के इलाके के लोग रिंकू के परिवार के साथ इस दुख में खड़े दिखे। रिंकू, उनके भाई और रिश्तेदारों ने मिलकर पिता की अंतिम यात्रा पूरी की। थोड़ी देर में ही अंतिम संस्कार किया जाएगा।
टी20 विश्वकप छोड़कर घर लौटे रिंकू
रिंकू सिंह टी20 विश्वकप 2026 में टीम इंडिया का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। लेकिन पिता के निधन की खबर मिलते ही उन्होंने टूर्नामेंट बीच में छोड़ दिया और चेन्नई से अलीगढ़ के लिए रवाना हो गए। । उनके पिता खानचंद्र सिंह ने लंबी लड़ाई के बाद कैंसर से हार मान ली। वह स्टेज-4 लिवर कैंसर से पीड़ित थे। कई महीनों से इलाज चल रहा था, लेकिन हालत ज्यादा खराब होने पर उन्हें ग्रेटर नोएडा के यथार्थ हॉस्पिटल में भर्ती किया गया। वहां वेंटिलेटर पर रखे गए थे। आखिरकार आज सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। भारत का अगला मैच 1 मार्च को वेस्ट इंडीज के खिलाफ है, लेकिन रिंकू अभी टीम में शामिल नहीं होंगे।
परिवार और फैंस का साथ
रिंकू की मंगेतर प्रिया सरोज (मछलीशहर सांसद) कई दिनों से परिवार के साथ हैं। प्रिया और उनका परिवार भी इस मुश्किल वक्त में रिंकू को हिम्मत दे रहे हैं। दोनों की शादी जून 2026 में प्रस्तावित है, लेकिन इस बीच रिंकू के पिता की मौत ने सबके दुखों को बड़ा दिया है ।
क्रिकेट जगत में शोक
पूरे क्रिकेट जगत में रिंकू के पिता की मौत पर शोक है। युवराज सिंह, हरभजन सिंह जैसे पूर्व खिलाड़ियों ने सोशल मीडिया पर दुख जताया। फैंस भी रिंकू को ढेर सारा प्यार और संबल दे रहे हैं। रिंकू के पिता ने गरीबी में रहकर भी बेटे को क्रिकेट खेलने की इजाजत दी और सपने पूरे करने में मदद की। आज रिंकू टीम इंडिया में चमक रहे हैं, लेकिन पिता का साथ छूट गया।


