T20 World Cup Update: भारतीय टीम सुपर-8 के अहम मुकाबले में रविवार को वेस्टइंडीज से टकराने वाली है, लेकिन इससे पहले टीम के स्टार फिनिशर रिंकू सिंह को लेकर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। पिता के निधन से रिंकू गहरे सदमे में हैं और ऐसे वक्त में उनका मैदान पर उतरना बड़ा सवाल बना हुआ था। अब बीसीसीआई की ओर से ताजा जानकारी सामने आई है।
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने दी जानकारी
बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि रिंकू सिंह शनिवार को कोलकाता में टीम इंडिया से जुड़ेंगे।
बता दें रिंकू के पिता की तबियत बहुत बिगड़ जाने के बाद उन्हें 21 फरवरी को ग्रेटर नोएडा के यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार तड़के उनका निधन हो गया और इससे पहले उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। पिता के अंतिम संस्कार के लिए रिंकू सुबह 5 बजे चेन्नई से रवाना हुए थे।
उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) के चीफ प्रेम मनोहर गुप्ता ने भी रिंकू के पिता के निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि रिंकू के परिवार में हाल ही में शादी की खुशियां आई थीं, ऐसे समय में यह नुकसान और ज्यादा दर्द देने वाला है। उन्होंने बताया कि पूरा यूपीसीए रिंकू और उनके परिवार के साथ खड़ा है।
बीसीसीआई के अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर पोस्ट के जरिए अपनी गहरी संवेदनाएं जताईं। उन्होंने लिखा, “रिंकू सिंह के पिता के गुजर जाने की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। इस मुश्किल समय में रिंकू और उनके परिवार के साथ मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। भगवान शिव उन्हें मजबूत रहने की ताकत दें।”
रिंकू का प्रदर्शन अब तक टी20 विश्व कप में कुछ खास नहीं रहा है। पांच पारियों में वह 24 रन ही बना सके हैं। रिंकू जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं रहे थे। रिंकू की जगह पर संजू सैमसन को अंतिम एकादश में शामिल किया गया था।
भारत-वेस्टइंडीज के लिए ‘करो या मरो’ का मुकाबला
भारतीय टीम रविवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ एक करो या मरो मैच खेलने उतरेगी। सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए कप्तान सूर्या की अगुआई वाली टीम को हर हाल में कैरेबियाई खिलाड़ियों को हराना होगा। सुपर-8 के पहले मुकाबले में भारत को दक्षिण अफ्रीका से हार मिली थी। लेकिन उसके बाद जिम्बाब्वे के खिलाफ टीम ने शानदार वापसी करते हुए 72 रन की बड़ी जीत दर्ज की। अब सबकी नजरें इस अहम मुकाबले पर टिकी हैं कि भारत आगे बढ़ पाएगा या नहीं।


