Ajmer New Ring Road: अजमेर। सड़कों पर वाहनों के अतिरिक्त दबाव को कम करने के लिए रिंग रोड बनाने की तैयारी जल्द शुरू होगी। तीन करोड़ रुपए से डीपीआर बनेगी। रोड बनने से ट्रेफिक सुगम होने के साथ पुष्कर बाईपास-पैराफेरी गांव एवं कॉलोनी बाशिन्दों को भी राहत मिलेगी।
अजमेर शहर की सड़कों पर यातायात का दबाव बढ़ गया है। इसके लिए रिंग रोड अब जरूरी है। कोटड़ा, महाराणा प्रताप नगर, पुष्कर रोड से जयपुर रोड की कनेक्टिविटी सबसे अहम है। आउटर रिंग रोड को लेकर पिछले साल अजमेर विकास प्राधिकरण ने कुछ क्षेत्र में पत्थरगढ़ी की थी।
डीपीआर तय करेगी रिंग रोड
शहर के चारों ओर 200 फीट चौड़ी रिंग रोड की दरकार है। तीन करोड़ रुपए से डीपीआर बनेगी। इसमें जनाना अस्पताल से विजयाराजे नगर, पृथ्वीराज नगर, चौरसियावास व नौसर-पुष्कर रोड एमडीएस यूनिवर्सिटी-भूणाबाय-मदार से आदर्श नगर, खरेखड़ी-कोटड़ा-महाराणा प्रताप नगर के हिस्सों को आउटर रिंग रोड से जोड़ा जा सकता है।
रिंग रोड के यह फायदे
-नागौर-जयपुर हाईवे से सीधे ब्यावर रोड की कनेक्टिविटी
-चौरसियावास, माकड़वाली क्षेत्र का सीधा जुड़ाव
-कोटड़ा-महाराणा प्रताप नगर-खरेखड़ी रोड को फायदा
-जनाना अस्पताल से विजयाराजे नगर से कनेक्टिविटी
अवाप्ति पर मिलेगा मुआवजा
रिंग रोड के लिए अवाप्त की जाने वाली भूमि के बदले भूमि दी जाएगी। अवाप्त भूमि के तय किए जाने वाले अनुपात में व्यावसायिक भूखंड मिलेंगे। खातेदार उस भूमि बेचान कर सकेंगे।
देवनानी ने दिए हैं निर्देश
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने रिंग रोड की डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए हैं। कई इलाकों में पहाड़ी-पथरीली भूमि के समतलीकरण में भी खर्चा होगा। भूमि अवाप्ति और अन्य निर्माण पर 250 से 300 करोड़ रुपए का खर्च आ सकता है।
सड़कों पर वाहनों का दबाव (प्रतिदिन)
मदार गेट-स्टेशन रोड : 30 से 35 हजार
आगरा गेट-पृथ्वीराज मार्ग : 28 से 30 हजार
आदर्श नगर-पर्बतपुरा रोड : 38 से 42 हजार
आनासागर लिंक रोड-वैशाली नगर : 35 से 40 हजार
पुष्कर रोड-वरुणसागर रोड : 25 से 28 हजार
जनाना रोड-लोहागल क्षेत्र : 25 से 28 हजार
कचहरी रोड-जयपुर रोड : 27 से 32 हजार
अत्यधिक ध्वनि : वायु प्रदूषण
ध्वनि एवं प्रकाश प्रदूषण : 60 प्रतिशत
वायु में अशुद्धता : 59 प्रतिशत
(शुद्धता का मानक 45 से 50 प्रतिशत तक)
फैक्ट फाइल (प्रतिवर्ष आवाजाही)
30 लाख से ज्यादा पर्यटक आते हैं दरगाह
10 लाख पर्यटक आते हैं नारेली, नसियां और अन्य जगह
08 लाख पर्यटक आते हैं राजकीय संग्रहालय-तारागढ़
08 लाख पर्यटक आते हैं आनासागर बारादरी और अन्य स्थानों पर
45 से 50 लाख पर्यटक-श्रद्धालु जाते हैं अजमेर से पुष्कर
एक्सपर्ट कमेंट
शहर की प्रमुख सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ रहा है। अंदरूनी और बाहरी हिस्सों की कनेक्टिविटी के लिए आउटर रिंग रोड जरूरी है। इससे आवाजाही में सुविधा और ट्रेफिक सुगम होगा।
-प्रो. केसी शर्मा, पूर्व पर्यावरण विभागाध्यक्ष, मदस विवि


