चंदौली जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र के पुरवा गांव में बीती रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाया। चोर घर में घुसकर कमरे में रखे चार बोरी चावल और 4900 रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना तत्काल 112 पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम जांच में जुट गई है। यह घर पुरवा गांव निवासी रामचंद्र गुप्ता का है, जो गांव-गांव घूमकर चावल खरीदकर बाजार में बेचने का काम करते हैं। बीते शाम रामचंद्र ने अपनी बिक्री का पैसा गल्ले में रखकर घर के बगल में एक तेरही के कार्यक्रम में चले गए थे।
इसी दौरान चोरों ने मौका पाकर लोहे की छड़ से दरवाजे का ताला तोड़ा और कमरे में प्रवेश किया। उन्होंने वहां रखे चार बोरी चावल और गल्ले में रखे 4900 रुपये नकद पर हाथ साफ किया और मौके से फरार हो गए। तेरही से खाना खाकर जब रामचंद्र अपने घर पहुंचे, तो उन्हें चोरी का पता चला। चोरी की खबर सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों ने गांव में रात्रि गश्त तेज करने की मांग की है। इस संबंध में सदर कोतवाल विजय बहादुर सिंह ने बताया कि पुरवा गांव में चोरी की सूचना मिली है। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पीड़ित की ओर से तहरीर मिलने के बाद जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।


