छात्राओं को ‘इनाम’, पंचरवालों की ‘मौज’:मंत्री-पूर्व मंत्री की धमाकेदार ‘पार्टनरशिप’; हॉस्पिटल में एक-दूसरे का ‘इलाज’

छात्राओं को ‘इनाम’, पंचरवालों की ‘मौज’:मंत्री-पूर्व मंत्री की धमाकेदार ‘पार्टनरशिप’; हॉस्पिटल में एक-दूसरे का ‘इलाज’

नमस्कार क्रिकेट का खुमार खूब सिर चढ़ा। पहले मंत्री राज्यवर्धन राठौड़ और पूर्व मंत्री अशोक चांदना ने पार्टनरशिप कर विस्फोटक पारियां खेली। इसके बाद वर्ल्डकप में भारत की जीत पर भाजपा-कांग्रेस विधायक साथ नाचते दिखे। चित्तौड़गढ़ में 30 छात्राओं को इनाम में कबाड़ साइकिलें दे दी गईं और जोधपुर में प्राइवेट हॉस्पिटल में अलग तरह का ‘इलाज’ हो गया। राजनीति और ब्यूरोक्रेसी की ऐसी ही खरी-खरी बातें पढ़िए, आज के इस एपिसोड में.. 1. मंत्री और पूर्व मंत्री की ‘पार्टनरशिप’ खेल एकता के सूत्र में बांध देता है। इसकी मिसाल जयपुर में दिखी। एक-दूसरे को पानी पी-पीकर कोसने वाले पक्ष-विपक्ष के नेताजी ने बल्ला थामा। मैच पत्रकारों के खिलाफ था। मंत्री राज्यवर्धन और पूर्व मंत्री अशोक चांदना पार्टी से भले ही अलग-अलग खेमों में हों, लेकिन ओपनिंग पार्टनरशिप करने पिच पर उतरे तो धमाल मचा दिया। राठौड़ साहब ने 50 गेंदों पर 133 रन ठोक दिए। चांदना ने तो तूफान खड़ा कर दिया। 41 गेंदों में 161 रन की पारी खेली। आसमान में जाती गेंद देखते-देखते पत्रकारों की गर्दन अकड़ गई। पत्रकारों ने भी खूब दम दिखाया। लेकिन 90 रन से हार गए। कमेंटेटर मंत्री और पूर्व मंत्री की तुलना सूर्या और अभिषेक शर्मा से करते नजर आए। 2. डांस, रेल, रील और क्रिकेट दीवानगी टी-20 क्रिकेट वर्ल्डकप के फाइनल की दीवानगी से नेतागण भी अछूते नहीं रहे। शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी ट्रेन में सफर कर रहे थे। इसके बावजूद मैच मिस नहीं किया। टैबलेट खोलकर सामने रखा और चलती ट्रेन में मैच का लुत्फ उठाया। साथी ने रेल में ही रील भी बना ली। जयपुर में क्रिकेट विश्वकप में जीत का जश्न नेताओं ने भी मनाया। भाजपा विधायक अविनाश गहलोत और कांग्रेस विधायक मनीष यादव तो गलबहियां कर नाचने लगे। मंत्री जोगाराम घर में टीवी पर मैच का आनंद ले रहे थे। टीम के जीतते ही मंत्री महोदय टीवी के पास पहुंचे और विक्ट्री साइन दिखाया। सदन में भी क्रिकेट की ही चर्चा रही। वनडे वर्ल्डकप में हार को लेकर विपक्ष ने नरेंद्र मोदी स्टेडियम को टीम के लिए अशुभ कहा था। टी-20 में जीत के बाद जोगारामजी ने स्टेडियम पर खास जोर दिया- भारत की विश्वकप जीत पर सभी को बधाई। मैच नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुआ था। इस पर जूलीजी कटाक्ष करने से अपने आप को रोक नहीं पाए। बोले- मोदी जी मैच देखने नहीं गए थे। 3. छात्राओं को इनाम, मिस्त्रियों-पंचरवालों की मौज शिक्षा मंत्रीजी ने सही मुद्दा उठाया था। कहा था-नेताओं के बच्चों को सरकारी स्कूल में पढ़ना चाहिए। तब दशा सुधरेगी। यह बात बोलने में अच्छी लगती है। करता कोई नहीं। चित्तौड़गढ़ में भादसोड़ा गांव की सरकारी स्कूल की 30 बच्चियों को फ्री साइकिल बांटी गई। साइकिल पाकर बच्चियां खुश। 9वीं क्लास एक बच्ची बोली- साइकिलों पर रोल नंबर लिखे थे। स्कूल में ही स्टैंड हटाया तो चेन टूट गई। साइकिल चेंज कराकर दूसरी ली। उसकी टोकरी टूटी मिली। तीसरी बार चेंज कराकर साइकिल घर लाई तो टायर फूट गया। ज्यादातर साइकिलों के यही हालात। बच्चियां मिस्त्री की दुकान पर पहुंचीं। पंचरवालों की दुकानों पर नई साइकिलों का ‘ऑपरेशन’ चल रहा है। जैसे-जैसे ठीक होंगी, वैसे-वैसे बच्चियां उनका उपयोग कर पाएंगी। अब स्कूल वालों का भी क्या दोष? साइकिलें जिस हालत में आईं, वैसी ही बांट दी। 4. चलते-चलते.. जोधपुर के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में एक किसान की मौत हो गई। इसके बाद हंगामा हो गया। विरोध करने वालों ने हॉस्पिटल पर उगाही करने समेत कई आरोप लगाए। हॉस्पिटल वालों ने दावा किया कि इलाज सही किया था लेकिन दूसरी बार अटैक आ गया। गर्मागर्मी का माहौल था। इस बीच एक समाज के नेताजी हॉस्पिटल पहुंचे। वे गुस्से में थे। उन्होंने भरे रिसेप्शन पर एक स्टाफ के गाल पर तमाचा जड़ दिया। इसके बाद हाथ पकड़ कर मरोड़ दिया। इसके बाद नेताजी अपनी काली थार की तरफ बढ़ गए। साथी को चांटा पड़ने के बाद स्टाफ भी काबू में नहीं रहा। नेताजी को रोकने की कोशिश हुई। इस दौरान थार गेट से निकालने की आपा-धापी में स्टाफ का एक और बंदा गाड़ी की चपेट में आकर घायल हो गया। अब तो स्टाफ पर जुनून चढ़ गया। नेताजी के साथ मारा-कूटी की स्थिति बन गई। कपड़े फाड़ दिए। नेताजी पूरे प्रकरण को मोबाइल पर लाइव करने लगे। आह्वान किया- हमारे साथी जहां हैं वहीं से फलां हॉस्पिटल पहुंच जाएं। हमारे साथ गुंडागर्दी हो गई है। लाइव चल ही रहा था कि गुस्साए स्टाफ ने फिर से धावा बोल दिया। इनपुट सहयोग- अरविंद सिंह (जोधपुर), ऋतुपर्णा मुखर्जी (चित्तौड़गढ़)। वीडियो देखने के लिए सबसे ऊपर फोटो पर क्लिक करें। अब कल मुलाकात होगी..

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *