शेयर बाजार में निवेश का झांसा देकर एक हजार से अधिक लोगों से करोड़ों रुपये की कथित ठगी करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी सूर्य प्रकाश व्यास की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। पुलिस कमिश्नरेट पश्चिम ने आरोपी सूर्य प्रकाश की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए उस पर ₹5,000 का नकद इनाम घोषित किया है। डीसीपी वेस्ट विनीत कुमार बंसल ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। आईपीएस एडीसीपी रोशन मीणा की अनुशंसा पर इनाम घोषित किया गया है। आरोपी सूर्य प्रकाश व्यास, जोधपुर के कुड़ी क्षेत्र स्थित जनता कॉलोनी का निवासी है और उसके खिलाफ अब तक 14 से अधिक मामले दर्ज हो चुके हैं। लगातार आपराधिक गतिविधियों और न्यायालय में पेश नहीं होने के कारण उसकी हिस्ट्रीशीट भी खोली जा चुकी है। थाना कुड़ी भगतासनी में दर्ज तीन प्रकरणों में वह वर्तमान में वांछित है। आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420 (धोखाधड़ी), 406 (आपराधिक न्यास भंग) और 120बी (आपराधिक षड्यंत्र) के तहत मामले दर्ज हैं। विभिन्न अदालतों से उसके खिलाफ वारंट और समन जारी हो चुके हैं, बावजूद इसके वह अब तक गिरफ्तारी से बचता रहा है। विशेष टीम का गठन डीसीपी विनीत कुमार बंसल के निर्देश पर आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है। टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और तकनीकी निगरानी के साथ मुखबिर तंत्र की सहायता से उसकी लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है। एसीपी छवि शर्मा भी मामले की लगातार मॉनिटरिंग कर रही हैं। कुड़ी थाना प्रभारी तेजकरण ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और उम्मीद है कि उसे जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर ली राशि इस मामले में पीड़ित जयसिंह चारण ने बताया कि वे स्वयं सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं और उन्होंने अपनी जीवनभर की जमा पूंजी शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर लगा दी, लेकिन धोखाधड़ी का शिकार हो गए। उनके अनुसार करीब एक हजार लोग आरोपी के झांसे में आकर करोड़ों रुपये गंवा चुके हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से न्याय की उम्मीद जताई है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि आरोपी सूर्य प्रकाश व्यास के संबंध में कोई भी सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति को ₹5,000 का नकद इनाम दिया जाएगा तथा उसकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।


