आजमगढ़ जिले के डीएम रविंद्र कुमार और जिले के एसएसपी डॉक्टर अनिल कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। पूर्व की बैठक में दिए गए निर्देशों की समीक्षा कर डीएम ने सड़क सुरक्षा के सम्बन्ध में अब तक की गई कार्रवाई के संबंध में जानकारी लिया। जिसमें बताया गया कि ब्लैक स्पॉट का सर्वे कर लिया गया है तथा उस पर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। अवैध कट को बंद करने की कार्यवाही पूर्ण हो चुकी है। स्कूली वाहनों के फिटनेस की जांच की जा रही है तथा वाहनों के किये गए चालान की वसूली की कार्यवाही की जा रही है। जिले में चिह्नित किए गए हैं 48 ब्लैक स्पॉट सर्वे के दौरान नेशनल हाईवे पर कुल 48 ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं। नेशनल हाईवे के प्रतिनिधि द्वारा बताया गया कि 14 ब्लैक स्पॉट पर आवश्यक कार्यवाही करते हुए रंबल स्ट्रिप, साइनेज आदि लगा दिए गए हैं। स्पीड ब्रेकर बनाने की कार्यवाही की जा रही है। नेशनल हाईवे के प्रतिनिधि ने बताया कि हाईवे पर चिह्नित किए गए पुलिया पर साईनेज लगा दिए गए हैं एवं पेन्ट भी कर दिया गया है। डीएम ने आरटीओ, पुलिस एवं पीडब्लूडी की संयुक्त टीम बनाकर उक्त कार्य का सत्यापन कराने का निर्देश दिया। नेशनल हाईवे वाराणसी पर 15 अवैध कट किए गए थे। सभी अवैध कट को बंद कर दिया गया है। ब्लैक स्पॉट पर साईनेज, रम्बल स्ट्रिप आदि लगा दिए गए हैं डीएम ने ब्लैक स्पॉट की सूची संबंधित अधिकारी आपस में शेयर कर लें। जिसमें एंबुलेंस का नंबर, क्रेन कटर वाहन चालक का नाम एवं मोबाइल नंबर, नेशनल हाईवे के पीडी का नाम एवं मोबाइल नंबर भी दर्ज हो। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि स्कूली वाहनों के फिटनेस की जांच करें, जांच में अनफिट पाए जाने पर उन्हें 15 दिन का समय दें। यदि वे वाहन का फिटनेस प्रमाण पत्र नहीं देते हैं तो उसका पंजीकरण निरस्त करें। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर चलने वाली पेट्रोलिंग गाड़ियों में पब्लिक एड्रेस सिस्टम को सक्रिय किया जाए तथा उस पर जन सामान्य को सड़क सुरक्षा के संबंध में जागरूक करने के लिए आवश्यक संदेश भी प्रसारित किया जाए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अधिकारी उपस्थित रहे।


