प्रयागराज के लालापुर थाना क्षेत्र से सोमवार को सनसनीखेज वारदात सामने आई । सीबीसीआईडी से रिटायर्ड दरोगा राम रतन मिश्रा (68) की अज्ञात हमलावरों ने सिर कूंचकर हत्या कर दी। वह मदुरी गांव स्थित अपने घर में अकेले रहते थे। सोमवार सुबह उनका शव घर के अंदर खून से लथपथ हालत में मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। नाती खाना देने पहुंचा, भीतर से बंद था दरवाजा राम रतन मिश्रा मूल रूप से लालापुर के चकसूशेर गांव के रहने वाले थे। उनका एक मकान मदुरी गांव में भी था, जहां वह अकेले रहते थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य चकसूशेर गांव में रहते हैं। सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे उनका नाती रोज की तरह खाना लेकर मदुरी वाले घर पहुंचा। उसने देखा कि घर का दरवाजा अंदर से बंद है। काफी देर तक आवाज देने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला तो उसने पीछे की ओर से दीवार फांदकर घर के अंदर प्रवेश किया। घर के अंदर खून से लथपथ मिला शव घर के अंदर का नजारा देख नाती के होश उड़ गए। राम रतन मिश्रा फर्श पर खून से लथपथ मृत पड़े थे। उनके सिर पर किसी भारी चीज से कई वार किए गए थे, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। फॉरेंसिक टीम और पुलिस जांच में जुटी सूचना पर लालापुर थाना पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस लूट, पुरानी रंजिश या व्यक्तिगत दुश्मनी समेत सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। डीसीपी यमुनानगर विवेक चंद्र यादव ने बताया कि मौके पर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया है। अब तक की जांच में घर में किसी फोर्स एंट्री की बात सामने नहीं आई है। परिवार वालों से पूछताछ की जा रही है। इलाके में दहशत, कई बिंदुओं पर जांच रिटायर्ड सीबीसीआईडी दरोगा की इस तरह निर्मम हत्या से गांव में सनसनी फैल गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।


