खंडवा मेडिकल कॉलेज में अध्ययनरत रेजिडेंट डॉक्टरों को साल 2025 की सालाना स्टाइपेंड वेतनवृद्धि अब तक नहीं मिली। जिससे कि अब असंतोष सामने आया हैं। मामले में जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन ने मेडिकल कॉलेज के डीन को ज्ञापन देकर 15 दिन में कार्रवाई की मांग हैं। एसोसिएशन ने चेताया कि समय-सीमा में निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन करेंगे। आदेश के बाद भी नहीं मिली वेतनवृद्धी
जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन ने आवेदन में बताया कि, राज्य शासन, चिकित्सा शिक्षा विभाग ने 5 अक्टूबर 2018 को एक आदेश जारी किया था। इस अनुसार शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों में अध्ययनरत इंटर्न, पीजी व सुपर स्पेशियलिटी रेजिडेंट डॉक्टरों के स्टाइपेंड में प्रतिवर्ष वेतनवृद्धि का स्पष्ट प्रावधान है। पूर्व वर्षों में इस आदेश का नियमित रूप से पालन भी किया जाता रहा है। इसके बावजूद, खंडवा मेडिकल कॉलेज में साल 2025 तक रेजिडेंट डॉक्टरों की वार्षिक स्टाइपेंड वेतनवृद्धि लागू नहीं की गई है। एसोसिएशन की अध्यक्ष डॉ. श्वेता शर्मा ने कहा कि, स्टाइपेंड में वेतनवृद्धि ना होने से आर्थिक, मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान समय में बढ़ती महंगाई, आवास, भोजन और शैक्षणिक खर्चों को देखते हुए यह वेतनवृद्धि जरूरी हैं। जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन की मांग है कि शासन आदेश के पालन में आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी करते हुए प्रकरण को संबंधित विभाग को भेजें। ताकि साल 2025 की लंबित वार्षिक स्टाइपेंड वेतनवृद्धि को स्वीकृति मिल सके। निराकरण ना हुआ तो आंदोलन करेंगे एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि पत्र की तिथि से 15 दिन के भीतर कोई ठोस व सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता है, तो जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन शासन स्तर पर वैधानिक व संगठनात्मक कदम उठाने के लिए बाध्य होगा। जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित संस्था या प्राधिकरण की होगी।


