बैतूल, आठनेर पुलिस ने सावंगी नदी पुलिया के नीचे मिले एक युवक की हत्या का खुलासा करते हुए पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान राजेश आज़ाद के रूप में हुई थी, जिसका शव 20 जनवरी को बरामद किया गया था। मृतक राजेश आज़ाद के परिजन कृष्णा आज़ाद की सूचना पर आठनेर थाना में मर्ग दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने इसे हत्या का मामला पाया। पहले मारपीट की फिर पुलिया से फेंका
पुलिस जांच में सामने आया कि 19-20 जनवरी की रात करीब डेढ़ बजे राजेश का विवाद नारायण खंडाइट और उसके बेटे ओम खंडाइट से हुआ था। विवाद के दौरान दोनों आरोपियों ने राजेश के साथ मारपीट की। घायल राजेश को वे मोटरसाइकिल पर बैठाकर मांडवी जोड़ पुलिया तक ले गए। वहां से उन्होंने राजेश को पुलिया के नीचे फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पिता-पुत्र गिरफ्तार
पुलिस ने संदेह के आधार पर नारायण खंडाइट (55) और ओम खंडाइट (27), दोनों निवासी मांडवी, को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा और एक बिना नंबर की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल जब्त की गई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 19/26 धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।


