जालौन में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर उरई स्थित पुलिस लाइन मैदान में भव्य और गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। पूरे कार्यक्रम में देशभक्ति, अनुशासन और एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने ध्वजारोहण कर समारोह का शुभारंभ किया। वह सुबह करीब 9:30 बजे पुलिस लाइन पहुंचने पर पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने जिलाधिकारी का बैज और कैप पहनाकर सम्मानपूर्वक स्वागत किया। गणतंत्र दिवस पर आयोजित परेड समारोह में कुल 9 टोलियों ने हिस्सा लिया। इनमें 2 टोलियां महिला सिपाहियों की, 2 टोलियां होमगार्ड, एनसीसी कैडेट्स की, तथा अन्य पुलिस टोलियां शामिल रहीं। परेड का नेतृत्व क्षेत्राधिकारी कोंच परमेश्वर प्रसाद द्वारा किया गया। जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार के साथ खुली जीप से परेड का निरीक्षण किया और टोलियों के अनुशासन व समन्वय की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान सधे हुए अंदाज में की गई हर्ष फायरिंग ने समारोह को और भी गरिमामय बना दिया। परेड में शामिल सभी टोलियों ने “जय हिंद” के गगनभेदी नारों के साथ मंच के सामने से मार्च पास्ट किया, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति की भावना से सराबोर हो गया। उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गड़गड़ाहट से जवानों का उत्साह बढ़ाया। 10 तस्वीरें देखिए… समारोह के दौरान जिलाधिकारी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पदक व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने सभी उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों को संविधान की शपथ भी दिलाई। जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में देश के 77 वर्षों के गणतंत्र की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान ने देश को एक मजबूत लोकतांत्रिक ढांचा प्रदान किया है और नागरिकों का कर्तव्य है कि वे इसके मूल्यों की रक्षा करें। परेड के उपरांत विभिन्न सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें देश की एकता, अखंडता और वीर जवानों के बलिदान को याद किया गया। कार्यक्रम ने उपस्थित लोगों के मन में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत किया। इस अवसर पर जिला जज विरजेंद्र कुमार, एडीजे सतीश द्विवेदी, सीजेएम अभिषेक खरे, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, उरई विधायक गौरी शंकर वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार वर्मा, सीओ सिटी अर्चना, सीओ जालौन शैलेंद्र कुमार बाजपेई, सीओ कालपी अवधेश कुमार, सीओ माधौगढ़ अंबुज यादव सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।


