उन्नाव में गंगा नदी पर बने रेलवे पुल की डाउन लाइन पर मरम्मत कार्य तेजी से जारी है। रेलवे प्रशासन ने हाल ही में आठ घंटे का ब्लॉक लेकर 45 एचबीम स्लीपर सफलतापूर्वक डाले। पिछले दस दिनों में कुल 485 स्लीपर बदले जा चुके हैं। यह ब्लॉक सुबह 9:45 बजे से शाम 5:45 बजे तक लिया गया। इस दौरान रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में लगभग 200 रेलकर्मी मौके पर तैनात रहे। सभी कर्मचारियों ने समन्वय के साथ काम करते हुए पुल की जर्जर संरचना को दुरुस्त किया। मरम्मत कार्य के तहत, सबसे पहले पुराने और जर्जर ट्रैक फिटिंग (टफ) को हटाया गया। कर्मचारियों ने गैस कटर की मदद से पुरानी लोहे की प्लेटों को काटकर हटाया और उनकी जगह नई प्लेटें स्थापित कीं। इसके बाद एचबीम स्लीपर बिछाए गए, जिससे ट्रैक की मजबूती और सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। कार्य के दौरान डाउन लाइन पर ट्रेनों का संचालन पूरी तरह बंद रखा गया, जबकि अप लाइन से ट्रेनों का संचालन सुचारू रूप से जारी रहा। इससे यात्रियों को कोई असुविधा नहीं हुई। ब्लॉक समाप्त होने के बाद, डाउन लाइन पर ट्रेनों का संचालन सावधानीपूर्वक 15 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से शुरू किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, यह एक अस्थायी व्यवस्था है और कार्य पूर्ण होने पर गति सामान्य कर दी जाएगी। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि पुल की मरम्मत का यह कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है और आने वाले दिनों में भी इसी प्रकार ब्लॉक लेकर कार्य जारी रहेगा। इसका मुख्य उद्देश्य रेलवे ट्रैक को मजबूत बनाना और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। रेलवे प्रशासन ने निर्धारित समयसीमा में मरम्मत कार्य पूरा करने का दावा किया है। जिससे ट्रेनों का संचालन और अधिक सुरक्षित एवं सुचारू हो सकेगा।


