उत्तरी शीतलहरों पर ब्रेक लगने से सरगुजा संभाग में पड़ रही कड़ाके की ठंड से राहत मिली है। सरगुजा संभाग में फिर से न्यूनतम तापमान 10 डिग्री पहुंच गया है। मंगलवार को अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं पाट क्षेत्रों में भी न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के आसपास पहुंच गया है। आगामी दो दिनों में बादल छाए रहने से न्यूनतम एवं अधिकतम तापमान में बढ़ोत्तरी का पूर्वानुमान है। सरगुजा संभाग में जनवरी के अंतिम सप्ताह में कड़ाके की ठंड से राहत मिली है। शीतलहरों के कारण जनवरी में सरगुजा में कड़ाके की ठंड पड़ी एवं पाठ क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री तक गिर गया था। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण पश्चिमी सर्द हवाओं पर ब्रेक लग गया है। इसके कारण न्यूनतम के साथ ही अधिकतम तापमान बढ़ने लगा है। बादल छाए रहने से बढ़ेगा न्यूनतम तापमान
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर छत्तीसगढ़ में आगामी दो से तीन दिनों तक बादल छाए रहेंगे। हालांकि इस दौरान बारिश होने की संभावना कम है, लेकिन न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी होगी। सरगुजा संभाग में मंगलवार को बादल छाए रहने से न्यूनतम तापमान बढ़ा है। अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री दर्ज किया गया, जो सोमवार को 10 डिग्री से नीचे था। पाट इलाकों में भी कड़ाके की ठंड से राहत मिली है और न्यूनतम तापमान करीब 10 डिग्री तक दर्ज किया गया है। कड़ाके की ठंड से मिलेगी राहत, अधिकतम तापमान भी बढ़ेगा
मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में कड़ाके की ठंड से राहत रहेगी। मौसम विज्ञानी एएम भट्ट ने बताया कि 27 जनवरी से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव से उत्तर छत्तीसगढ़ में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और इसके कारण उत्तरी सर्द हवाओं पर ब्रेक लगा है। आगामी दिनों में न्यूनतम के साथ अधिकतम तापमान में बढेगा। जनवरी के अंतिम सप्ताह में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से अधिक रहने का अनुमान है।


