महिला से संबंध…फिर विवाद, खुन्नस में 6 साल की बच्ची और 79 साल की बुजुर्ग को मार डाला आरोपी

महिला से संबंध…फिर विवाद, खुन्नस में 6 साल की बच्ची और 79 साल की बुजुर्ग को मार डाला आरोपी

Pune double murder case: महाराष्ट्र के पुणे जिले के आलंदी स्थित केलगांव-हनुमानवाडी इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक 6 वर्षीय मासूम बच्ची और उसकी देखभाल करने वाली 79 वर्षीय बुजुर्ग महिला की घर के भीतर ही निर्मम हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी विनायक भवारी को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में हत्या की वजह प्रेम संबंधों में आई खटास और आपसी रंजिश बताई जा रही है।

मृतक बच्ची की पहचान 6 वर्षीय धनश्री और बुजुर्ग महिला की पहचान मंगल शिंदे (79) के रूप में हुई है। घटना बुधवार रात करीब 10 बजे की है। उस समय धनश्री की मां, संगीता केदारी, काम के सिलसिले में घर से बाहर गई हुई थीं। घर में केवल धनश्री और उसकी देखभाल करने वाली मंगल शिंदे मौजूद थीं। इसी का फायदा उठाकर आरोपी विनायक भवारी पीछे के दरवाजे से घर में दाखिल हुआ।

सोशल मीडिया पर दोस्ती और फिर दुश्मनी

पुलिस जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोपी विनायक और संगीता की मुलाकात करीब दो साल पहले सोशल मीडिया के जरिए हुई थी, जिसके बाद दोनों ने शादी कर ली। हालांकि, शादी के कुछ ही समय बाद उनके रिश्ते में दरार आ गई और विवाद बढ़ने लगे। जांच में सामने आया कि विनायक का बार-बार घर आना संगीता और उनके परिवार को पसंद नहीं था। बुजुर्ग मंगल शिंदे उसे घर आने से रोकती थीं, जबकि छोटी बच्ची धनश्री भी उसे देखकर डर जाती थी। परिवार के इसी विरोध और बच्ची के डर ने विनायक के मन में धीरे-धीरे बदले की भावना को जन्म दे दिया।

वारदात का खौफनाक मंजर

बुधवार की रात जब विनायक घर में घुसा, तो उसने सबसे पहले मंगल शिंदे पर लोहे की रॉड से हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। शोर सुनकर जब मासूम धनश्री चिल्लाई, तो दरिंदे ने उसका गला दबाकर उसे मौत के घाट उतार दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण सिर पर गंभीर चोट और दम घुटना बताया गया है।

पुलिस के गिरफ्त में आरोपी

गुरुवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया, जिसके बाद आळंदी पुलिस ने तुरंत एक जांच टीम गठित कर कार्रवाई शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज की। जांच में सामने आया कि विनायक सिन्नर की ओर भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आळेफाटा के पास घेराबंदी कर उसे धर दबोचा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *